पहले हफ्ते में शाहरुख खान की ‘जवान’ ने खड़ा किया कमाई का पहाड़, पर 8वें दिन 22% ढल गई जवानी

पहले हफ्ते में शाहरुख खान की ‘जवान’ ने खड़ा किया कमाई का पहाड़, पर 8वें दिन 22% ढल गई जवानी

शाहरुख खान, विजय सेतुपति और नयनतारा स्टारर 'जवान' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन हर किसी को हैरत में डाल रहा है। महज एक हफ्ते के अंदर एटली के निर्देशन में बनी फिल्म ने कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े हैं। 57 साल के शाहरुख खान को बड़े पर्दे पर धुआंधार एक्शन करता देख हर कोई उनका जबरा फैन हो गया है। साउथ तड़के के साथ परोसी गई इस फिल्म में किंग खान का डबल रोल है। कहानी, सस्पेंस, एक्शन और 'बादशाह' के जलवे के चलते दर्शकों ने 'जवान' को भर-भरकर प्यार दिया है। आइए बताते हैं अब दूसरे गुरुवार यानी 8वें दिन एटली की फिल्म 'जवान' ने बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ का कलेक्शन किया है।

Sacnilk के मुताबिक, Jawan को 8वें दिन तगड़ा झटका लगा है। दूसरे गुरुवार को फिल्म के कारोबार में 22.41 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। इसका मतलब ये हुआ कि 7वें दिन की तुलना में 'जवान' की कमाई 23 करोड़ से गिरकर 18 करोड़ पर सिमट गई है। वहीं, दर्शक अभी भी 'जवान' के साथ साथ महीनाभर पुरानी सनी देओल की 'गदर 2' को देखना पसंद कर रहे हैं।
 

'जवान' का अब तक का कुल कलेक्शन

'जवान' को बॉक्स ऑफिस पर पूरा एक हफ्ता हो चुका है। 7 सितंबर को रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म ने इन 8 दिनों में कुल 386.28 करोड़ का बिजनेस कर लिया है। सबसे ज्यादा कमाई हिंदी बाजार से हुई है। 'जवान' ने हिंदी में 345.88 करोड़, तमिल में 23 करोड़ और तेलुगू में 17 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

'जवान' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन

Red Chillies Entertainment बैनर तले बनी 'जवान' के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो इस एक हफ्ते में इसने 660 करोड़ का आंकड़ा पार कर दिया है। इस जोरदार कमाई के साथ ही जवान ने कई और रिकॉर्ड भी बना लिए हैं।

जवान ने बना डाले हैं ये रिकॉर्ड

  • हिंदी में सबसे ज्यादा ओपनिंग डे पर कलेक्शन करने वाली फिल्म
  • पहले हफ्ते में सबसे ज्यादा हिंदी में कलेक्शन करने वाली फिल्म
  • साल 2023 की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म
  • एटली की सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड फिल्म
  • सबसे तेजी से 300 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली फिल्म (5 दिन में)
  • तीन दिन में 200 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली फिल्म
  • टॉप ओपनिंग वीकेंड फिल्म

     

    जवान का बजट और कास्ट

    'जवान' में शाहरुख खान के अलावा दीपिका पादुकोण, नयनतारा, सान्या मल्होत्रा, लहर खान, प्रियामणि, एजाज खान से लेकर विजय सेतुपति जैसे कलाकार है। इस फिल्म को एटली ने करीब 300 करोड़ रुपये खर्च करके बनाया है। जबकि सिर्फ एक हफ्ते के अंदर ही इस फिल्म ने बजट की दोगुनी कमाई करके ब्लॉकबस्टर का तमगा हासिल कर लिया है।
 
Advertisement