सऊदी अरब ने इस्लामाबाद के साथ अपने मौजूदा वित्तीय सहयोग के तहत पाकिस्तान के लिए 1 अरब डॉलर की तेल सुविधा की घोषणा की है। यह पाकस्तानी करेंसी में 290 अरब रुपए है। इतना ही नहीं रियाद स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) में वर्तमान में जमा (डिपोजिट) 5 अरब डॉलर की राशि को भी बढ़ाएगा। इन डिपोजिट में से 2 अरब डॉलर दिसंबर में परिपक्व होंगे, जबकि 3 अरब डॉलर जून 2026 में देय हैं। चालू वित्त वर्ष में पाकिस्तान को मौजूदा सऊदी सुविधा के तहत 85 अरब की तेल आपूर्ति मिल चुकी है, जिसकी कुल राशि 30 करोड़ डॉलर है।
शहबाज ने कहा शुक्रिया
शहबाज शरीफ ने सोमवार को मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात के बाद एक्स पर लिखा, 'आज रियाद में क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मिलकर मुझे बहुत खुशी और सम्मान महसूस हुआ। मैं दोनों देशों और लोगों के लिए गहन सहयोग और समृद्धि के हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में दृढ़ समर्थन के लिए उनका आभारी हूं।'शहबाज शरीफ प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के विशेष निमंत्रण पर 9वें फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव (एफआईआई) सम्मेलन में भाग लेने के लिए रियाद पहुंचे हैं। शरीफ के साथ एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। डेलीगेशन में विदेश मंत्री इशाक डार, वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब और सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार शामिल हैं।











