सऊदी अरब में अधिकारी निवास, श्रम और सीमा नियमों को तोड़ने वालों पर सख्ती की जा रही है। इन नियमों के उल्लंघन करने वालों के साथ-साथ ऐसे लोगों की मदद करने वाले के साथ भी कड़ाई से पेश आया जा रहा है। सऊदी के गृह मंत्रालय ने बताया है कि 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच कई सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर चलाए गए संयुक्त निरीक्षण अभियानों के दौरान कुल 14,242 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अलग-अलग मामलों में गिरफ्तारी
सऊदी सरकार के गृह मंत्रालय के अनुसार, देशभर से 14,242 लोगों की गिरफ्तारी अलग-अलग तरह के उल्लंघन के चलते हुई है। इसमें 7,884 मामले निवास कानून के उल्लंघन से जुड़े थे। वहीं 3,948 लोगों को सीमा सुरक्षा कानून तोड़ने में गिरफ्तार किया गया। इसमें 2,410 मामले श्रम कानून से जुड़े हुए थेसऊदी अधिकारियों ने बताया है कि इन गिरफ्तारियों के बाद 23,815 उल्लंघनकर्ताओं को यात्रा दस्तावेज हासिल करने के लिए उनके दूतावासों के पास भेजा गया। वहीं 6,808 लोगों को अपनी यात्रा बुकिंग पूरी करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा 6,285 लोगों को देश से बाहर भेजा गया है।
मददगारों पर भी की गई सख्ती
अधिकारियों ने बताया कि 1,449 लोगों को देश में अवैध रूप से घुसने की कोशिश करते समय हिरासत में लिया गया। इनमें से 27 प्रतिशत यमनी नागरिक थे, 71 प्रतिशत इथियोपियाई नागरिक थे और बाकी 2 प्रतिशत अन्य देशों के नागरिक थे। इसके अलावा 29 लोगों को देश से अवैध रूप से बाहर निकलने की कोशिश करते गिरफ्तार किया गया।सऊदी सुरक्षाबलों ने इस अभियान में उन लोगों को भी निशाना बनाया है, जो अवैध रूप से रहने वालों की मदद कर रहे थे। सुरक्षा बलों ने इसमें 25 गिरफ्तारियां की हैं। इन सभी पर उल्लंघन करने वालों को आने-जाने की सुविधा, रहने की जगह या रोजगार देने का आरोप है। ऐसे लोगों पर भारी जुर्माना हो सकता है या इनको जेल भेजा जा सकता है।











