डोनाल्ड ट्रंप ने जनवरी में अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद से कई दफा रूसी प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन पर नाराजगी जताई है। यूक्रेन पर पुतिन के रुख से निराशा जताते हुए ट्रंप ने बार-बार ये कहा है कि आगे और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक नए प्रतिबंधों की घोषणा नहीं की है। उन्होंने सिर्फ संकेत दिया है कि बैंकों और तेल पर कड़ी कार्रवाई के साथ नए टैरिफ पर विचार किया जा रहा है।
दूसरे देशों की बात कर रहा अमेरिका
डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध पर बात करते हुए नाटो सहयोगियों से रूसी तेल खरीदना बंद करने का आह्वान किया। साथ ही चीन पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का सुझाव दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि नाटो के देश अगर चीन पर 50% से 100% टैरिफ लगाएं तो यूक्रेन में युद्ध रुकने का रास्ता बन सकता है।ट्रंप ने भारत पर रूसी तेल खरीद के लिए 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। हालांकि उन्होंने चीन के खिलाफ ऐसा कोई कदम उठाने की घोषणा नहीं की है। वह नाटो देशों को ऐसा करने की सलाह दे रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस को भी सिर्फ अतिरिक्त प्रतिबंधों की धमकी दी है लेकिन उनके प्रशासन ने अभी तक इनको लागू नहीं किया है।











