रणबीर ने बिना बॉडी डबल एक्शन किया प्रणय रेड्डी बोले- संदीप डरकर फिल्में नहीं बनाता

रणबीर ने बिना बॉडी डबल एक्शन किया प्रणय रेड्डी बोले- संदीप डरकर फिल्में नहीं बनाता

फिल्म एनिमल में बॉबी देओल के काम की काफी ज्यादा तारीफ हो रही है। करियर के इस मुकाम पर आकर उन्हें वो सफलता मिली है, जो शायद उन्हें पहले नहीं मिली, लेकिन क्या आपको पता है कि फिल्म में उनकी कास्टिंग कैसे हुई।

दरअसल फिल्म के डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने बॉबी देओल की एक तस्वीर देखी थी, जिसमें वो स्टेडियम में खड़े होकर मैच देख रहे थे। संदीप रेड्डी वांगा को बॉबी की आंखें इतनी एक्सप्रेसिव लगीं कि उन्होंने एक्टर को कास्ट करने का मन बना लिया। ये बातें एनिमल के को-प्रोड्यूसर और संदीप रेड्डी वांगा के बड़े भाई प्रणय रेड्डी वांगा ने दैनिक भास्कर को एक्सक्लूसिवली बताई हैं।

प्रणय ने कहा कि शुरुआत में वो रणबीर कपूर के एक्शन सीन्स को लेकर श्योर नहीं थे। हालांकि जब फिल्म की शूटिंग शुरू हुई तो सबकी आंखें खुली की खुली रह गईं। रणबीर ने इतनी बारीकी से हर एक्शन सीक्वेंस को शूट किया कि कहीं पर भी बॉडी डबल की जरूरत नहीं पड़ी।

एनिमल हर दिन के साथ कमाई के रिकॉर्ड बना रही हैं, लोग फिल्म को काफी ज्यादा पसंद कर रहे हैं। हालांकि एक धड़ा ऐसा भी है जिसे फिल्म की स्टोरीलाइन और कुछ सीन्स से आपत्ति है। कुछ लोगों का कहना है कि फिल्म में महिलाओं को बहुत कमजोर और दबाकर दिखाया गया है।

प्रणय इन सभी बातों का खंडन करते हैं। प्रणय ने कहा कि संदीप रेड्डी वांगा किसी को खुश करने के लिए फिल्में नहीं बनाता। फिल्म में जो भी दिखाया गया है कि वो बस एक फिक्शन है।

बॉबी देओल की स्टेडियम वाली तस्वीर देख संदीप ने उन्हें फिल्म में लेने का मन बना लिया
बॉबी देओल फिल्म के साथ कैसे जुड़े। क्या उनका रोल थोड़ा और बड़ा नहीं होना चाहिए था? इस सवाल का जवाब देते हुए प्रणय ने कहा, ‘हम इस फिल्म में विलेन को हीरो से ज्यादा मजबूत दिखाना चाहते थे। भले ही उसका स्क्रीन टाइम कम हो, लेकिन जितना भी हो, वो प्रभावी होना चाहिए।

बॉबी सर के रोल को हम दूसरे पार्ट में बड़ा दिखा सकते हैं। संदीप की सोच पर ये बात टिकी हुई है। हालांकि अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। इस फिल्म में उनका जितना रोल होना चाहिए उतना हमने दिया है।

जहां तक बात उनकी कास्टिंग की है तो संदीप ने बॉबी सर की एक तस्वीर देखी थी। दरअसल बॉबी देओल CCL (सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग) का एक मैच देखने स्टेडियम पहुंचे थे। बड़ी-बड़ी दाढ़ी में उनकी आंखें बड़ी एक्सप्रेसिव लग रही थीं। ऐसा लग रहा था कि जैसे वो अपनी आंखों से बात कर रहे हों। फिल्म में चूंकि विलेन का किरदार म्यूट रहने वाला था, इसलिए वो लुक फिट बैठ रहा था। संदीप ने इसके बाद बॉबी सर से संपर्क किया। बॉबी सर इस ऑफर से काफी ज्यादा खुश हुए। उन्हें उस वक्त ढंग के काम नहीं मिल रहे थे। उन्होंने तुरंत फिल्म के लिए हामी भर दी।’

संदीप रेड्डी वांगा किसी को खुश करने के लिए फिल्में नहीं बनाता
क्या संदीप रेड्डी की फिल्मों में महिलाओं को कमजोर दिखाया जाता है? इसका जवाब देते हुए प्रणय ने कहा, ‘कुछ लोग यह बात क्यों कह रहे हैं, मुझे समझ नहीं आ रहा। आप एनिमल में गीतांजलि (रश्मिका मंदाना) का कैरेक्टर देखिए। वो हीरो को थप्पड़ तक मार देती है। फिल्म में कई जगह उसका एग्रेसिव अवतार भी दिखता है। इसके बावजूद लोग कैसे कह सकते हैं कि फिल्म में महिलाओं को कमजोर दिखाया गया है।

संदीप रेड्डी वांगा किसी को खुश करने के लिए फिल्में नहीं बनाता। फिल्म की कहानी लिखते वक्त उसे डर भी नहीं लगता। समाज या व्यक्ति को खुश करने के लिए वो फिल्म की कहानी से समझौता नहीं करता। फिल्म में जो भी दिखाया गया वो बस एक फिक्शन है।'

प्रणय ने इस इंटरव्यू में एक बहुत दिलचस्प बात बताई। रणबीर कपूर का डबल रोल यानी जिसने बॉबी देओल के भाई का रोल किया है, उसे खुद संदीप रेड्डी वांगा ने अपनी आवाज दी है। संदीप ने हिंदी और तेलुगु में रणबीर की आवाज डब की है।

रणबीर का एक्शन देख सभी चौंक गए थे, बॉडी डबल तक का इस्तेमाल नहीं किया
रणबीर कपूर की इमेज एक चॉकलेटी बॉय वाली रही है, उन्हें कास्ट करने का ख्याल कहां से आया? प्रणय ने कहा, ‘अर्जुन रेड्डी देखने के बाद रणबीर ने संदीप को मैसेज किया था। उन्हें फिल्म बहुत पसंद आई थी। हालांकि संदीप के पास उस वक्त इतने फोन कॉल्स और मैसेज आ रहे थे कि रणबीर का मैसेज उनसे मिस हो गया।

कुछ वक्त बाद संदीप और रणबीर मिले तो रणबीर ने उन्हें उनका मैसेज दिखाया। मैं और संदीप इससे पहले भी रणबीर को काफी फॉलो करते आए थे। कबीर सिंह में लीड किरदार के लिए उनका नाम दिमाग में आया था। हालांकि वो रीमेक करना पसंद नहीं करते हैं इसलिए हमने उन्हें अप्रोच ही नहीं किया।

एनिमल एक फ्रेश फिल्म थी, इसलिए हमने रणबीर को चुना। हालांकि एक दुविधा भी थी। हमने रणबीर को कभी एक्शन करते देखा नहीं था। फिल्म के सभी पार्ट के लिए वो फिट बैठ रहे थे, बस एक्शन सीक्वेंस के लिए मेरे दिमाग में दुविधा थी। मैंने यह बात संदीप से कही। संदीप ने कहा कि ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। एक बार रिहर्सल करने के बाद रणबीर लय पकड़ लेंगे।

हम ये देख कर बिल्कुल चौंक गए कि रणबीर ने पहले ही दिन क्या गजब एक्शन रिहर्सल किया। मुझे समझ नहीं आता कि लोग उन्हें एक चाकलेटी हीरो या लवर बॉय जितना ही क्यों समझते हैं। उनकी बॉडी काफी ज्यादा स्ट्रॉन्ग है। उनका बॉडी मूवमेंट देख कर सभी अचरज में थे। हमने उनके किसी भी सीन में बॉडी डबल का इस्तेमाल नहीं किया है। सभी एक्शन सीक्वेंस रणबीर कपूर ने खुद से किए हैं।’

फिल्म में इस्तेमाल की गई मशीन गन को बनाने में 45 लाख रुपए का खर्च आया
फिल्म में इतनी बड़ी मशीनगन को इस्तेमाल करने का आइडिया किसका था, इसे बनाने में कितना खर्च आया? प्रणय कहते हैं, ‘ये संदीप के दिमाग की ही उपज थी। वो एक्शन को एक नए लेवल पर दिखाना चाहते थे।

इतने बड़े मॉन्स्टर गन को बनाने में 45 लाख रुपए का खर्च आया था। ये देखने में भयंकर था, इसे हैंडल करना इससे भी ज्यादा भयंकर काम था। ये मशीन इतनी भारी थी कि रणबीर को इसे चलाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी।’

फिल्म के बॉक्स ऑफिस नंबर्स देख सबसे ज्यादा बॉबी देओल खुश हैं
बॉक्स ऑफिस नंबर्स देखकर फिल्म के लीड स्टार्स का क्या रिएक्शन है? प्रणय कहते हैं, ‘रणबीर कपूर काफी खुश हैं। उन्होंने संदीप को मैसेज भी किया था। जब हम एनिमल की शूटिंग कर रहे थे तो संदीप ने पूछा था कि रणबीर का हाइएस्ट फर्स्ट डे टोटल क्या है। उन्हें पता चला कि संजू ने पहले दिन 47 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।

संदीप ने कहा कि हम लोग उस रिकॉर्ड तक पहुंचेंगे। अब आप खुद देखिए, फिल्म ने बड़े मार्जिन के साथ उस रिकॉर्ड को तोड़ा है। दूसरी तरफ बॉबी देओल भी फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स पर काफी ज्यादा खुश हैं। सच बताऊं तो सबसे ज्यादा खुश इस वक्त वही हैं।’

जब तक थिएटर की लाइट ऑन न हो, अपनी सीट पर बैठे रहें
एनिमल के लास्ट 5 मिनट वाले सीक्वेंस की काफी ज्यादा चर्चा हो रही है। इसे लेकर प्रणय ने दर्शकों से एक अपील की है। उन्होंने कहा, ‘स्क्रीन पर नाम आने शुरू होने से यह मत समझिए कि फिल्म खत्म हो गई। जब तक थिएटर में लाइट ऑन न हो आप अपनी कुर्सी पर बैठे रहिए। अंत में आपके लिए सबसे इंटरेस्टिंग सीन आने वाला है। हालांकि हमें पहले ही इस बात की जानकारी दे देनी चाहिए थी। कई लोग हमसे शिकायत कर रहे हैं कि उन्होंने लास्ट वाला सीन देखा ही नहीं।’

फिल्म में रणबीर कपूर के पंजाबी कजिन्स की कास्टिंग सबसे मुश्किल रही
फिल्म में रणबीर कपूर के 11 पंजाबी कजिन्स दिखाए गए हैं, उन्हें कैसे चुना गया? इस सवाल के जवाब में प्रणय ने कहा. ‘रणबीर कपूर के कजिन्स की कास्टिंग सबसे मुश्किल रही। 11 एक्टर्स को कास्ट करने में पांच महीने से ज्यादा लग गए।

हमें ऐसे 11 लोग चाहिए थे जिनका चेहरा थोड़ा-बहुत आपस में मिले। जो दिखने में प्रॉपर पिंड के लड़के लगें। हमने लुधियाना, पंजाब, राजस्थान और मुंबई जैसे जगहों से ऐसे 11 लोगों को चुना। इसमें से एक-दो ने तो पहले फिल्में भी की हुई थीं।’

एक लाइन में आ गया था फिल्म बनाने का ख्याल
एनिमल बनाने की सोच कहां से आई? प्रणय कहते हैं, ‘चार साल पहले संदीप के दिमाग में फिल्म बनाने का ख्याल आया था। वो एक बाप-बेटे की कहानी को पर्दे पर दिखाना चाहते थे। उनके दिमाग में एक लाइन का आइडिया आया कि मानो कोई बाप किसी मुसीबत में है तो उसका बेटा उन मुसीबतों का सामना कैसे करेगा। संदीप ने मुझे कॉल किया, मैं US में था।

वो इस विषय में मेरी राय लेना चाहते थे। धीरे-धीरे करके संदीप ने एक स्टोरी लिखनी शुरू की। इसके बाद संदीप की मुलाकात भूषण कुमार से हुई। भूषण ने फिल्म की कहानी सुनी। उन्हें यह पसंद आई। इसके बाद फिल्म की घोषणा हो गई।’

35 एकड़ का बगीचा बेच खुद का प्रोडक्शन हाउस स्टार्ट किया, पहली फिल्म अर्जुन रेड्डी बनाई
आप और संदीप फिल्म मेकिंग में कैसे आए? खुद का प्रोडक्शन हाउस कैसे शुरू किया? जवाब में प्रणय कहते हैं, ‘मैं अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। संदीप भी ऑस्ट्रेलिया में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के दौरान संदीप के दिमाग में फिल्में बनाने का ख्याल आने लगा। उसने अपनी पढ़ाई पूरी की और इंडिया वापस आ गया। वो डायरेक्शन में हाथ आजमाना चाह रहा था।

एक दो फिल्मों में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम भी किया, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा। फिर उसने खुद से फिल्म बनाने की सोची। हालांकि उसके पास फिल्म बनाने जितना बजट नहीं था। वो मेरे और पापा से भी पैसे नहीं लेना चाह रहा था।

मैंने संदीप से कहा तुम चिंता मत करो। हम प्रोडक्शन हाउस स्टार्ट करेंगे। इसके बाद 2016 में हमने अपना प्रोडक्शन हाउस भद्रकाली फिल्म्स शुरू किया। प्रोडक्शन हाउस बनाने में हमारी जमीनें बिक गईं। 35 एकड़ का आम का बगीचा बेचना पड़ा था।

हमने अपने प्रोडक्शन हाउस के तहत पहली फिल्म अर्जुन रेड्डी बनाई। कई लोग ऐसा कहते हैं कि अर्जुन रेड्डी की कहानी खुद संदीप की कहानी थी। हालांकि ऐसा कुछ नहीं है, संदीप पेशे से एक फिजियोथेरेपी डॉक्टर जरूर है, लेकिन उसकी लाइफ कभी ऐसी नहीं थी। हां, मेडिकल कॉलेज में उसकी एकाध लव स्टोरी जरूर थी। कॉलेज के डीन से उसकी लड़ाई वगैरह भी हो गई थी। हालांकि अर्जुन रेड्डी और कबीर सिंह की कहानी पूरी तरह फिक्शनल थी, रियलिटी से इसका कोई संबंध नहीं था।’

साउथ में भी नेपोटिज्म है, लेकिन वहां के एक्टर्स इसे मुद्दा नहीं बनाते
आप दोनों भाई किसी बड़ी फिल्मी फैमिली से नहीं आते हैं। क्या साउथ इंडस्ट्री में भी नेपोटिज्म है? प्रणय ने कहा, ‘बिल्कुल है। हालांकि वहां इस मुद्दे पर ज्यादा बातें नहीं होतीं। यहां बॉलीवुड में एक्टर्स थोड़ा ज्यादा वोकल्स हैं। वो सोशल मीडिया पर बढ़-चढ़ कर अपनी बातें रखते हैं।

साउथ में ऐसा नहीं है। वहां के एक्टर्स रिजर्व रहना पसंद करते हैं। उन्हें इन सब चीजों पर बात करना ज्यादा पसंद नहीं है। इसी वजह से वहां पर ऐसी बातें बाहर नहीं आतीं।’

बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है एनिमल
ट्रेड एक्सपर्ट्स फिल्म की रिलीज के वक्त ही यह अनुमान लगा रहे थे कि एनिमल अच्छी कमाई करेगी। हालांकि इतनी ब्लॉकबस्टर कमाई करेगी, इसकी उम्मीद शायद किसी को नहीं थी। फिल्म ने तीन ही दिनों में सिर्फ हिंदी भाषा में 176.58 करोड़ रुपए कमाए हैं। अन्य भाषाओं काे मिला दें तो फिल्म का टोटल कलेक्शन 202 करोड़ हो जाता है। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 356 करोड़ रुपए की कमाई की है। ( ये आंकड़े रविवार तक के हैं।)

Advertisement