शेखर सुमन अपने शो में राजनीतिक व्यंग्य के लिए हमेशा से पॉपुलर रहे हैं। नब्बे के दशक में सुपरहिट 'मूवर्स एंड शेकर्स' की तर्ज पर उन्होंने अब यूट्यूब पर यह नया शो शुरू किया है। शुक्रवार, 19 जून को इसका छठा एपिसोड जारी किया गया है, जिसमें गिप्पी ग्रेवाल मेहमान बनकर पहुंचे। शेखर ने अपने खास अंदाज में राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर चुटकी ली है।
प्रकाश राज ने शेखर सुमन के वीडियों पर किया कमेंट
शो के वायरल क्लिप को X पर राइटर राजीव निगम ने री-शेयर किया है, जिसे मूल रूप से कांग्रेस नेता और प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पोस्ट किया है। प्रकाश राज ने भी इसे री-पोस्ट करते हुए लिखा है- C😂😂😂! लोग उनके तीन हंसने वाले इमोजी को C के बाद HOR यानी CHOR मानकर चल रहे हैं।शेखर सुमन ने राम मंदिर चंदा चोरी पर क्या कहा
वीडियो में राम मंदिर चंदा चोरी पर तंज कसते हुए शेखर सुमन कहते हैं, 'अयोध्या में राम मंदिर से चढ़ावा चोरी होने की खबर आई। राम के घर चोरी। अरे राम राम। इस बारे में जब हमने भाजपा वालों से पूछा तो एक भाजपाई ने झुंझुला के कहा, 'अरे भाई साहब अयोध्या से हमारी सीट चोरी हो गई है। तुम्हें चढ़ावे की पड़ी है।'शेखर बोले- अब ट्रस्ट पे ट्रस्ट ही नहीं रहा रे
शेखर सुमन यही नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, 'वैसे जब मीडिया ने सरकार के किसी मंत्री से इस चोरी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि यह ट्रस्ट का मामला है। सही कहा मंत्री जी। मामला ट्रस्ट का ही है और वो इतनी बार टूट चुका है कि अब ट्रस्ट पे ट्रस्ट ही नहीं रहा रे।'यूजर्स बोले- राम नाम का लूट है लूट सको सो लूट
अब प्रकाश राज और राजीव निगम दोनों के पोस्ट पर यूजर्स के कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। एक ने लिखा है, 'चोर बड़ा होशियार निकला, चौकीदार होते हुए, ताला तोड़कर चंदा ले गया!!' एक अन्य ने लिखा है, 'चंदा भगवान के लिए आया। भगवान अभी भी काउंटर पे अपने हिस्से का इंतजार कर रहे हैं।' एक तीसरे यूजर ने कमेंट किया है, 'राम नाम का लूट है, लूट सको सो लूट, अंत काल पछताओगे जब प्राण जाएगा छूट।'राम मंदिर चंदा चोरी मामला क्या है?
- मीडिया रिपोर्ट्स और कुछ राजनीतिक दलों ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दान-पात्रों से ₹200 करोड़ से अधिक की राशि के गबन या हेराफेरी का आरोप लगाया गया है।
- जांच एजेंसियों ने अभी तक अंतिम आंकड़े की पुष्टि नहीं की गई है।
- यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है और लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में एक SIT का गठन किया है।
चढावा चोरी केस में पुलिस और SIT की जांच में क्या हुआ
- शुरुआती जांच में मंदिर प्रबंधन से जुड़े कुछ कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका सामने आई है।
- पुलिस द्वारा कई कर्मचारियों के घरों से लाखों रुपये की नकदी बरामद की जा चुकी है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
- जांच में यह भी सामने आया है कि जो कर्मचारी दान की राशि इकट्ठा करने और जमा करने के काम में लगे थे, उन्होंने मंदिर के वॉल्ट के पास जो सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, वे ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इससे मंदिर प्रबंधन के वरिष्ठ सदस्यों की मिलीभगत की ओर भी इशारा मिलता है।
राम मंदिर पहुंची SIT टीम, 100 से अधिक कर्मचारियों से पूछताछ
- श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दानराशि गबन मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अब अपनी पड़ताल का दायरा बढ़ा दिया है।
- कथित चढ़ावा चोरी या गबन की जांच के साथ-साथ टीम ने प्राण प्रतिष्ठा (22 जनवरी 2024) के बाद मंदिर में हुई नियुक्तियों, प्रशासनिक निर्णयों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी समीक्षा शुरू कर दी है।
- बीते गुरुवार को चौथे दिन SIT की टीम सुबह 8.30 बजे राम मंदिर पहुंची। बताया जाता है कि वहां चढ़ावा राशि की गिनती और उससे जुड़े कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र से पूछताछ हुई।
- SIT आगे रेडियो प्रचार निरीक्षक अर्जुन सिंह और राम जन्मभूमि चौकी प्रभारी से भी पूछताछ कर सकती है। अर्जुन सिंह करीब 20 साल से राम मंदिर में ड्यूटी कर रहे हैं। वह VIP दर्शन की व्यवस्थाओं से जुड़े रहे हैं।
- SIT ने 3 दिनों में अब तक करीब 100 कर्मचारियों से पूछताछ की है।
- विशेष जांच टीम बीते मंदिर ट्रस्ट और वहां के प्रशासन से जुड़े 11 महीने के दस्तावेज खंगाल रही है।











