नेपाल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक RSP के अंदरूनी सूत्रों ने बताया है कि इस दौरे में राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है और बीजिंग में उच्च-स्तरीय बैठकें भी होंगी। सूत्रों ने बताया कि लामिछाने CPC के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत कर सकते हैं और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मिल सकते हैं हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रबि लामिछाने का चीन दौरा तय
पार्टी के सूत्र ने कहा 'दौरा लगभग तय हो गया है लेकिन तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं। यह एक राजनीतिक दौरा है जिस पर लंबे समय से चर्चा चल रही है और तैयारियां जारी हैं।' उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल होगा यह अभी तय नहीं हुआ है। RSP नेता गणेश पराजुली ने कहा कि दौरे के दौरान नेपाल-चीन संबंधों से जुड़े कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा 'कई राजनीतिक बैठकें हो सकती हैं और चीनी राष्ट्रपति के साथ भी बातचीत की संभावना है। हालांकि अभी तक कोई औपचारिक कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।'पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि चीन की ओर से कुछ समय पहले ही निमंत्रण दिया गया था और लामिछाने ने अब इस दौरे पर जाने के लिए सहमति दे दी है। पार्टी के वरिष्ठ सूत्रों के अनुसार लामिछाने के श्रावण महीने के आखिरी हफ्ते या भाद्र महीने के पहले हफ्ते में चीन जाने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि यह दौरा कोई आधिकारिक सरकारी मिशन नहीं है फिर भी विदेश मंत्रालय लॉजिस्टिकल और राजनयिक व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहा है।











