हिमाचल में बढ़ गई पेट्रोल और डीजल की कीमत, पड़ोसी राज्यों से महंगा है या सस्ता? देखिए आज का रेट

हिमाचल में बढ़ गई पेट्रोल और डीजल की कीमत, पड़ोसी राज्यों से महंगा है या सस्ता? देखिए आज का रेट
नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल आज से महंगा हो गया है। राज्य सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर प्रति लीटर 60 पैसे का 'अनाथ और विधवा सेस'लगाया है। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी शिमला में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 103.25 रुपये प्रति लीटर हो गई है जबकि डीजल की कीमत 95.21 रुपये पहुंच गई है। देश के अलग-अलग राज्यों में पेट्रोल और डीजल पर वैट की दर अलग-अलग है। इसलिए कीमत में भी अंतर है।

हिमाचल की तुलना में चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल सस्ते हैं। शहर में पेट्रोल की कीमत 101.51 रुपये है जबकि डीजल की कीमत 89.47 है। इसी तरह हिमाचल प्रदेश के एक पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के देहरादून में पेट्रोल की कीमत 100.55 रुपये है जबकि डीजल की कीमत 95.93 रुपये है। इस तरह उत्तराखंड में पेट्रोल हिमाचल से सस्ता है लेकिन डीजल महंगा है।

जम्मू और लेह में कीमत

हिमाचल से लगे जम्मू में पेट्रोल की कीमत 104.13 रुपये है जबकि डीजल की कीमत 92.81 रुपये है। इसी तरह लेह में पेट्रोल 108.78 रुपये और डीजल 93.91 रुपये है। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल की कीमत 101.89 रुपये है जबकि डीजल 95.36 रुपये लीटर है।

कबसे नहीं बदला रेट

28 फरवरी को शुरू हुए ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया था। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने मई में चार बार पेट्रोल और डीजल में इजाफा किया। हालांकि 25 मई के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकार ने हाल में संसद में कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें तय करने में उसकी सीधे तौर पर कोई भूमिका नहीं है और इसका फैसला सरकारी तेल कंपनियां करती हैं।
Advertisement