पेप्‍सी शर्मा: सपना चौधरी को नाग‍िन डांस में हराया, UP में पैदा हुए, पर हरियाणवी राग‍नी ने बनाया स्‍टार

पेप्‍सी शर्मा: सपना चौधरी को नाग‍िन डांस में हराया, UP में पैदा हुए, पर हरियाणवी राग‍नी ने बनाया स्‍टार
हरियाणवी रागनी, लोक गीतों और संगीत की दुनिया को बड़ा झटका लगा है। हरियाणवी रागनी मंच का पर्याय बन चुके पेप्‍सी शर्मा अब इस दुनिया में नहीं हैं। महज 38 साल की उम्र में उनका निधन हो गया है। परिवार में पेप्‍सी शर्मा अपने पीछे पत्‍नी और दो बच्‍चों को बिलखता छोड़ गए हैं। उनकी बेटी 10 साल की है, जबकि बेटा सिर्फ 7 साल का। पेप्‍सी शर्मा हरियाणवी लोक गीतों और रागनी कार्यक्रमों की पहचान थे। मशहूर डांसर सपना चौधरी के साथ उनकी जोड़ी खूब जमती थी। कहना गलत नहीं होगा कि सपना चौधरी की पॉपुलैरिटी के बढ़ने में पेप्‍सी शर्मा का बड़ा हाथ रहा है। एक बार तो रागनी कंपीटिशन में पेप्‍सी शर्मा ने 'नागिन डांस' में सपना चौधरी को भी हरा दिया था।

पेप्सी शर्मा के निधन पर उनके लाखों फैंस सदमे में हैं। हरियाणवी कलाकारों को भी जबरदस्‍त झटका लगा है। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि पेप्‍सी शर्मा अब उनके बीच नहीं हैं, क्‍योंकि वह सेहतमंद थे। खूब एक्‍ट‍िव रहते थे। उम्र भी कम थी। पेप्‍सी शर्मा मूल रूप से एक लोक गायक थे, वह अपने लोक नृत्‍य के लिए भी मशहूर थे। टीवी पर 'स्टार प्लस' के कार्यक्रम 'यह दिल है हिंदुस्तानी' में भी उन्‍होंने परफॉर्म किया था।
Advertisement