इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को विपक्षी राजनेताओं, गाजा में बंधक बनाए गए लोगों के रिश्तेदारों और यहां तक कि उनके सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्यों से युद्ध को खत्म करने के लिए मांगों का सामना करना पड़ रहा है। 7 अक्टूबर 2023 को फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास के हमले के बाद इजरायल ने गाजा में सैन्य अभियान शुरू हुआ था, जो 20 महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जारी है।
हमास ने बातचीत पर दिया अपडेट
इसके पहले मुख्य मध्यस्थ कतर ने मंगलवार को घोषणा की कि वह युद्धविराम के लिए नया प्रयास शुरू करेगा। वहीं, हमास ने बुधवार को बताया कि बातचीत आगे बढ़ गई है। हमास के अधिकारी ताहिर अल-नुनू ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया, मिस्र और कतर में हमारे मध्यस्थों के साथ हमारा संवाद बंद नहीं हुआ है और हाल के घंटों में इसमें तेजी आई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध को समाप्त करने के लिए समूह को अभी तक कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला है।वहीं, इजरायली सरकार ने किसी भी नई युद्धविराम वार्ता पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और केवल इतना कहा कि गाजा में इजरायली बंधकों को वापस लाने के प्रयास युद्ध के मैदान में और बातचीत के माध्यम से जारी हैं। इजरायल ने अक्टूबर 2023 में भीषण आतंकवादी हमले के बाद हमास को समूल नष्ट करने और बंधकों को बचाने के लिए गाजा में सेना भेजी थी। हमास के हमले में 1219 इजरायलियों की मौत हुई थी, जिसमें अधिकांश नागरिक थे।











