जाल्मय मामोजी खलीलजाद ने कहा है कि पाकिस्तान की नीतियां ही उसकी परेशानी बढ़ा रही हैं। वह पड़ोस में नए-नए दुश्मन पैदा कर रहा है। इससे आने वाले समय में उसको भारी नुकसान का सामना करना पड़ेगा। दक्षिण एशिया के एक्सपर्ट खलीलजाद साल 2018 से 2021 तक अफगानिस्तान में अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि रह चुके हैं। तालिबान की अफगानिस्तान की सत्ता में वापसी के बाद वह अमेरिका लौट गए थे।
पाक सरकार की नीतियां गलत
जाल्मय खलीलजाद का कहना है कि पाकिस्तान अपने लिए समस्या बढ़ाता जा रहा है। पाकिस्तानी सरकार कई मोर्चों पर विनाशकारी समस्याओं का सामना कर रही है और जल्द ही इतिहास की कब्र में समा जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि कूटनीति की ओर बढ़ने के बजाय पाकिस्तानी प्रतिष्ठान अपने लिए और भी बड़ी खाई खोदता रहेगा। पाकिस्तान के अफगानिस्तान से रिश्ते बिगाड़ने पर उन्होंने ये कहा है।जाल्मय ने एक और ट्वीट में लिखा, 'पाकिस्तानी सरकार इच्छा जताई है कि अफगान लोगों को आजादी मिले और काबुल में एक सच्ची प्रतिनिधि सरकार बने। पाकिस्तान का अफगान लोगों की परवाह करना बहुत ही नेक काम है लेकिन ये इतना सीधा नहीं है। दशकों से इस्लामाबाद ने उनका समर्थन किया है, जोअफगानिस्तान में अशांति और अस्थिरता पैदा कर रहे थे।'











