अब मिमियाने लगी है जूनियर NTR की फिल्‍म, 'वेट्टैयन' के आते ही 'देवरा' का बस्‍ता पैक!

अब मिमियाने लगी है जूनियर NTR की फिल्‍म, 'वेट्टैयन' के आते ही 'देवरा' का बस्‍ता पैक!
तेलुगू एक्शन ड्रामा 'देवरा: पार्ट 1' का हाल बुरा है। 13 दिनों में ही यह फिल्‍म बॉक्‍स ऑफिस पर मिमियाने लगी है। जबकि अपने पहले वीकेंड में 160 करोड़ की इसकी दहाड़ के आगे सब सन्‍न हो गए थे। हालांकि, लगातार घटती कमाई के बीच भी ऐसा लगा था कि जैसे-तैसे यह अपने 300 करोड़ के बजट के बराबर कमा लेगी। लेकिन अब हाल ऐसा है कि यह 275 करोड़ तक भी पहुंच जाए तो गनीमत होगी। RRR की बंपर सफलता के बाद जूनियर एनटीआर के हाथ यह बड़ी असफलता लगी है।

कोरटाला श‍िवा के डायरेक्‍शन में बनी 'देवरा' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपना बोरिया बिस्‍तर समेटने लगी है। इसके OTT रिलीज की भी तैयारी शुरू हो गई है। जूनियर एनटीआर से उम्मीद की जा रही थी कि वह RRR के बाद बड़े पर्दे पर दमदार वापसी करेंगे। लेकिन दुर्भाग्य से, ऐसा हुआ नहीं। हालांकि, एक ओर जहां 'देवरा' के एक्शन सीक्वेंस, VFX और कलाकारों के एक्‍ट‍िंग की प्रदर्शन की तारीफ हुई है, वहीं कहानी के मामले में यह मात खा गई।

'देवरा' बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन डे 13


sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, 'देवरा' ने बुधवार को रिलीज के 13वें दिन देश में सिर्फ 4.00 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसमें से हिंदी में 1.25 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। जबकि तेलुगू में इसने 2.60 करोड़ रुपये का बिजनस किया है। अब 13 दिनों में फिल्‍म का टोटल कलेक्‍शन घरेलु बॉक्‍स ऑफिस पर 257.40 करोड़ रुपये है।

'वेट्टैयन', 'विक्‍की विद्या का वो वाला वीडियो' और 'जिगरा'


'देवरा' को जहां पहले से ही दर्शकों ने बहुत रेस्‍पॉन्‍स नहीं दिया, वहीं अब दशहरा 2024 के मौके पर यह दक्ष‍िण और उत्तर भारत, दोनों में मार सहने वाली है। गुरुवार को रजनीकांत-अमिताभ बच्‍चन की 'वेट्टैयन' रिलीज हुई है, जिसके कारण साउथ में 'देवरा' के स्‍क्रीन्‍स बेहद कम हो गए हैं। इसी तरह शुक्रवार को आलिया भट्ट की 'जिगरा' और राजकुमार राव की 'विक्‍की विद्या का वो वाला वीडियो' रिलीज हो रही है। लिहाजा, हिंदी में भी तंगहाल 'देवरा' को नुकसान उठाना होगा।

'देवरा' वर्ल्‍डवाइड कलेक्‍शन डे 13


वर्ल्‍डवाइड कलेक्‍शन के मामले में भी जूनियर एनटीआर, जान्‍हवी कपूर, सैफ अली खान और प्रकाश राज की यह फिल्‍म पिछड़ गई है। 13 दिनों में इसने ग्‍लोबल बॉक्‍स ऑफिस पर 379.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्‍शन किया है। इसमें से विदेशों में सिर्फ 75.30 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई हुई है।
Advertisement