मुकेश खन्ना ने बताया क्यों कपिल शर्मा से हुई नफरत, बोले- उसने शक्तिमान की ड्रेस पहनी और लड़की वाला सीन दिखाया
मालूम हो कि साल 2020 में जब Kapil Sharma ने अपने कॉमेडी शो में बी.आर. चोपड़ा के सीरियल 'महाभारत' की कास्ट को बुलाया था, तो Mukesh Khanna ने जाने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कपिल के शो को 'फूहड़' और 'अश्लील' बताया था। अब उन्होंने 'बॉलीवुड ठिकाना' को दिए इंटरव्यू में एक बार फिर कपिल के शो को 'अश्लील' बताया।'अश्लीलता के कारण पसंद नहीं कपिल का शो और 'बिग बॉस''
मुकेश खन्ना ने कहा, 'मुझे अश्लीलता के कारण 'बिग बॉस' या 'द कपिल शर्मा शो' पसंद नहीं है, लेकिन वह (कपिल शर्मा) एक शानदार एंटरटेनर हैं, इसमें कोई शक नहीं।'इन 2 घटनाओं की वजह से कपिल शर्मा से नफरत
मुकेश खन्ना ने फिर दो ऐसी घटनाएं बताईं, जिनके कारण उन्हें कपिल शर्मा से नफरत होने लगी। वह बोले, 'कई लोगों को लगता है कि मैं कपिल शर्मा के शो में क्यों नहीं गया। गूफी पेंटल को भी अजीब लगा। दो घटनाएं हुईं... मैं यह नहीं कहूंगा कि उन्होंने मुझे 'कपिल विरोधी' बना दिया, लेकिन मेरी भावनाएं उनसे मेल नहीं खातीं। वो आदमी सही होता है, फिर भी लगता है कि मैं उसके साथ सहज नहीं हूं।''कपिल ने गलती कर दी कि शक्तिमान की ड्रेस पहन ली और...'
मुकेश खन्ना ने आगे कहा, 'कपिल दो घटनाएं कर चुका है, शायद उसको इसका अहसास भी नहीं होगा। लेकिन कृष्णा अभिषेक को मालूम है। मैं बोल चुका हूं। एक प्रोग्राम दिखाया था, वो उसमें 'कॉमेडी सर्कस' में स्किट्स किया करते थे। कपिल ने जो गलती की, वो यह थी कि उसने शक्तिमान की ड्रेस पहनी ली। सामने एक लड़की को रख दिया। इधर बराबर में एक बेड दिखाया।''बेड दिखाया, शक्तिमान और लड़की तो मैं भड़क गया'
मुकेश खन्ना ने आगे बताया, 'सुहागरात नहीं, पर बेड दिखाया। फिर कपिल शर्मा लड़की की तरफ बढ़ता है। अचानक उसके मोबाइल की घंटी बजती है और फिर गोल-गोल घूमकर गायब हो जाता है। फिर कपिल वापस आता है और लड़की की तरफ बढ़ता है, पर दोबारा फोन आने पर गायब हो जाता है। मैं भड़क गया कि क्या क्या बकवास है? क्या दिखाने की कोशिश कर रहे हो?'कृष्णा अभिषेक को बताया
मुकेश आगे बोले, 'हमने इतना पाक और सही किरदार बनाया, जो बनाया है शक्तिमान, जो बच्चों को सिखाता है, उसको आप दिखा रहे हो कि वो मजबूरी में है, इसलिए वो लड़कियों की तरफ देखता भी नहीं, वरना वह लड़कियों के पीछे फिरता। मैं इस बारे में कृष्णा को बोला तो उसने बताया कि वो ये एक्ट करने वाला था, पर कपिल ने ले लिया।'











