सुबह 11.45 बजे कंपनी का शेयर 3.59 परसेंट की तेजी के साथ 2730.10 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप 18 लाख करोड़ रुपये के पार चला गया। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेपी मोर्गन के मुताबिक जियो फाइनेंशियल का शेयर 189 रुपये का हो सकता है। जेफरीज ने इसकी कीमत 179 रुपये और सेंट्रम ब्रोकिंग ने 157 से 190 रुपये रहने का अनुमान जताया है। जानकारों का कहना है कि अंबानी जुलाई या अगस्त में रिलायंस स्ट्रैटजिक इनवेस्टमेंट की लिस्टिंग और अलॉटमेंट के लिए रेकॉर्ड डेट की घोषणा कर सकते हैं। इस कंपनी का नाम जेएफएसएल किया जाएगा। कंपनी की एजीएम में अंबानी इसके रोडमैप के बारे में विस्तार से बता सकते हैं। कंपनी ने अब तक एजीएम की डेट घोषित नहीं की है।
रिलायंस रिटेल घटाएगी इक्विटी कैपिटल
इस बीच रिलायंस की रिटेल कंपनी रिलायंस रिटेल लिमिटेड (Reliance Retail) ने कंपनी के इक्विटी शेयर कैपिटल को घटाने का फैसला किया है। कंपनी के प्रमोटर्स और होल्डिंग कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स को छोड़कर जिन शेयरधारकों के पास रिलायंस रिटेल के शेयर हैं उसे कैंसिल किया जाएगा। शेयरों को 1362 रुपये के रेट पर रद्द किया जाएगा। रिलायंस रिटेल में 99.91 फीसदी हिस्सेदारी रिलायंस रिटेल वेंचर्स के पास है जबकि 0.09 फीसदी शेयर्स दूसरे निवेशकों के पास है। पिछले हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी आई थी और इसका मार्केट कैप 57,338.56 करोड़ रुपये बढ़कर 17,83,043.16 करोड़ रुपये पर पहुंच गया था।कहां तक जाएगा शेयर
जेपी मोर्गन ने रिलायंस के शेयर का टारगेट प्राइस 2,960 रुपये रखा है। रिलायंस का शेयर शुक्रवार को 0.11 फीसदी गिरावट के साथ 2635.45 रुपये पर बंद हुआ। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि जैसे ही कंपनी अपनी बिजनस स्ट्रैटजी और टारगेट्स की घोषणा करेगी, रिलायंस के शेयर की वैल्यू बढ़ सकती है। डिमर्जर और लिस्टिंग से पहले रिलायंस के शेयर फोकस में रहेंगे। इसकी वजह यह है कि रिलायंस के शेयरधारकों को हरेक शेयर पर जियो फाइनेंशियल का एक शेयर मिलेगा। पिछले तीन महीने में रिलायंस का शेयर 13 फीसदी चढ़ चुका है। मार्केट वेटरन देवेन चोकसी ने कहा कि यह कंपनी 1,50,000 करोड़ रुपये की नेटवर्थ के साथ शुरुआत कर रही है। एनबीएफसी की दिग्गज कंपनी बजाज फाइनेंस की नेटवर्थ 44,000 करोड़ रुपये है।











