सबसे कंट्रोवर्शियल और सबसे कामयाब- दीपिका पादुकोण

सबसे कंट्रोवर्शियल और सबसे कामयाब- दीपिका पादुकोण

बॉलीवुड की मौजूदा टॉप एक्ट्रेसेस में से एक दीपिका पादुकोण आज 38 साल की हो चुकी हैं। कभी बचपन में लिवाइस की एक जींस खरीदने का सपना देखने वालीं दीपिका आज उसी कंपनी की ब्रांड एम्बेसडर हैं।

16 साल के एक्टिंग करियर में 39 फिल्में कर 52 बड़े अवॉर्ड अपने नाम करने वालीं दीपिका हर नई फिल्म के साथ एक कंट्रोवर्सी में फंस जाती हैं। चाहे वो गोलियों की रासलीलाः राम-लीला की टाइटल कंट्रोवर्सी हो, पद्मावत को लेकर नाक काटने पर इनाम रखने की कंट्रोवर्सी हो या फिर पठान से जुड़ी भगवा बिकिनी।

बड़े विवादों के बावजूद दीपिका की ये तीनों ही फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुईं। हालांकि साल 2019 में दीपिका के जेएनयू विजिट का सीधा असर उनकी फिल्म छपाक पर पड़ा और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई।

कई उतार-चढ़ाव के साथ दीपिका ने इंडस्ट्री में 16 कामयाब साल पूरे कर 39 फिल्में दीं और 52 अवॉर्ड अपने नाम किए। साल 2023 में दीपिका दो ब्लॉकबस्टर फिल्मों जवान और पठान से करीब 2200 करोड़ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करने वाली इकलौती एक्ट्रेस रहीं।

वहीं 2023 में सबसे ज्यादा कंट्रोवर्सी में रहने वाली एक्ट्रेस भी दीपिका ही हैं। भगवा बिकिनी हो, तलाक की अफवाह हो या कॉफी विद करण में दिया गया उनका स्टेटमेंट। इन तमाम विवादों के बावजूद दीपिका पिछले 10 साल से टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार हैं।

शाहरुख ने 3 साल बाद दिलाई हिट फिल्म

साल 2023 दीपिका के लिए बेहद खास रहा है। 2023 में उनकी दो फिल्में जवान और पठान रिलीज हुईं और दोनों ही फिल्मों ने रिकॉर्ड ब्रेकिंग कमाई कर कई बड़े रिकॉर्ड बनाए। खास बात ये रही कि दीपिका पादुकोण की इससे पहले रिलीज हुईं 3 फिल्में छपाक, 83 और गहराइयां कोई खास कमाल नहीं दिखा सकीं।

शाहरुख को दीपिका का लकी चार्म कहना गलत नहीं होगा, क्योंकि दीपिका ने शाहरुख के साथ साल 2007 की फिल्म ओम शांति ओम से डेब्यू किया और बॉलीवुड में कदम रखा। दोनों अब तक 5 फिल्मों में नजर आए हैं और ये पांचों फिल्में सुपरहिट रहीं।

शाहरुख ने धोखे में रखकर साइन करवाई थी फिल्म जवान

साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म जवान में दीपिका ने शाहरुख की मां का रोल प्ले किया था। शाहरुख को लगता था कि दीपिका कभी भी इस रोल के लिए राजी नहीं होंगी, ऐसे में उन्होंने दीपिका को राजी करने के लिए उनसे झूठ कहा था।

दरअसल, दीपिका फिल्म पठान के गाने बेशरम रंग की शूटिंग कर रही थीं, तब शाहरुख ने एटली को सेट पर बुलाया था। पठान के सेट पर एटली ने दीपिका को जवान की स्क्रिप्ट सुनाई और उन्हें एहसास दिलाया कि उनका रोल फिल्म में कितना अहम है।

शाहरुख ने दीपिका से कहा कि उन्हें फिल्म में कैमियो रोल करना है, लेकिन ये झूठ बोलकर उन्होंने पूरी फिल्म में लंबा स्क्रीन टाइम दे दिया। ये किस्सा खुद शाहरुख ने जवान के सक्सेस इवेंट में सुनाया था।

2023 में इन कंट्रोवर्सी से चर्चा में रहीं दीपिका पादुकोण

भगवा बिकिनी विवाद- साल की शुरुआत दीपिका पादुकोण ने फिल्म पठान से की। 25 जनवरी 2023 को रिलीज हुई इस फिल्म का गाना बेशरम रंग विवादों में था। गाने में दीपिका ने भगवा रंग की बिकिनी पहनी थी, जिसमें बोल थे ‘बेशरम रंग’। फिल्म को लेकर बायकॉट ट्रेंड चलाया गया। देवी-देवताओं द्वारा पहने गए भगवा रंग को बेशरम कहे जाने पर लोगों ने मेकर्स पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया।

मध्य प्रदेश के शहर इंदौर में इतना बवाल हुआ कि पहला शो रद्द करना पड़ा था। UP और बिहार में भी कई जगहों पर फिल्म के पोस्टर फाड़े और जलाए गए। आलम यह था कि कई जगह पर सिनेमाघरों के बाहर पुलिस बल तैनात करना पड़ा। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर फिल्म रिलीज हुई तो थिएटर्स फूंक देंगे। सिर्फ उत्तर भारत में नहीं, साउथ के राज्यों में भी फिल्म को लेकर काफी विरोध हुआ था।

कॉफी विद करण का विवादित बयान- कॉफी विद करण के 8वें सीजन में दीपिका पादुकोण पति रणवीर सिंह के साथ पहुंची थीं। शो में उन्होंने बताया था कि वो रणवीर के साथ-साथ कई और लोगों को भी डेट कर रही थीं, लेकिन वो मेंटली रणवीर से कमिटेड थीं। बयान सामने आते ही लोगों ने दीपिका के चरित्र पर सवाल उठाने शुरू कर दिए और देखते-ही-देखते वो मीम मटेरियल बन गईं।

भारत नहीं, डेनमार्क में हुआ दीपिका का जन्म

5 जनवरी 1986 को दीपिका पादुकोण का जन्म कोपेनहेगन, डेनमार्क में हुआ था। उनके पिता प्रकाश पादुकोण भारत के मशहूर बैडमिंटन प्लेयर हैं, जबकि उनकी मां उज्जवला एक ट्रैवल एजेंट हैं। दीपिका की एक छोटी बहन अनीशा भी है। दीपिका महज 1 साल की थीं, जब उनका परिवार डेनमार्क से भारत आकर बस गया।

झिझक के चलते बचपन में नहीं बन पाए दोस्त

बेंगलुरु के सोफिया हाई स्कूल में पढ़ाई करते हुए दीपिका बेहद शर्मीली हुआ करती थीं। सांवली रंगत और नाजुक शरीर वाली दीपिका में कॉन्फिडेंस की इस कदर कमी थी कि वो लोगों से बात करने में भी झिझकती थीं। यही कारण रहा कि उन्होंने बचपन में कभी दोस्त नहीं बनाए।

लियोनार्डो की तस्वीर चूम कर ही सोती थीं दीपिका

बचपन से ही दीपिका पादुकोण हॉलीवुड एक्टर लियोनार्डो डिकैप्रियो की बड़ी फैन थीं। उनके कमरे में लियोनार्डो की तस्वीरें भी होती थीं, जिन्हें वो रोज सोने से पहले चूमती थीं। किसे पता था कि दीपिका खुद एक इंटरनेशनल स्टार बन जाएंगी।

दीपिका पादुकोण के पिता प्रकाश पादुकोण फेमस टेनिस प्लेयर थे, जिनका उठना-बैठना कई सेलिब्रिटीज के साथ होता था। एक बार आमिर खान ने प्रकाश पादुकोण को सह परिवार अपने घर बुलाया था। दीपिका अपने पिता, मां और बहन के साथ आमिर के घर पहुंचीं। उस वक्त आमिर खाना खा रहे थे, या दीपिका के शब्दों में कहें तो दही चावल खा रहे थे।

13 साल की दीपिका उनके सामने ही बैठी थीं, लेकिन खाने में व्यस्त आमिर ने उनसे एक बार भी नहीं पूछा कि क्या उन्हें भूख लगी है। दीपिका को जोरों की भूख थी, लेकिन वो खामोशी से बैठी रहीं। ये किस्सा खुश दीपिका पादुकोण ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था।

पिता के दबाव में सुबह 5 बजे उठकर करती थीं प्रैक्टिस

दीपिका पादुकोण के पिता प्रकाश पादुकोण इंटरनेशनल बैडमिंटन प्लेयर थे, जबकि उनके दादाजी रमेश पादुकोण, मैसूर बैडमिंटन एसोसिएशन के सेक्रेटरी थे। प्रकाश हमेशा से चाहते थे कि उनकी बड़ी बेटी दीपिका भी उन्हीं की राह पर चलकर बैडमिंटन में अपना करियर बनाए।

हमेशा अकेले और खामोश रहने वालीं दीपिका को बैडमिंटन में कोई दिलचस्पी नहीं थी, लेकिन जब पिता ने दबाव बनाया तो उन्हें मजबूरन बैडमिंटन की प्रैक्टिस शुरू करनी पड़ी। वो रोज सुबह 5 बजे उठकर पिता के साथ प्रैक्टिस किया करती थीं।

10वीं में बैडमिंटन छोड़कर शुरू की थी मॉडलिंग

बिना मन से शुरू की गई बैडमिंटन प्रैक्टिस रंग लाई और दीपिका कई नेशनल चैंपियनशिप का हिस्सा रहीं। कुछ समय बाद उन्होंने बेसबॉल में भी हाथ आजमाया। इस दौरान दीपिका के पास किसी और काम के लिए बिल्कुल समय नहीं होता था।

सुबह 5 बजे प्रैक्टिस, फिर स्कूल और फिर घर लौटकर दोबारा प्रैक्टिस। मन मारकर सिर्फ पिता के कहने पर बैडमिंटन खेलते हुए दीपिका थक चुकी थीं। एक दिन दीपिका ने हिम्मत कर पिता को मन की बात बता दी। खुशकिस्मती से वो मान गए और 10वीं में दीपिका ने बैडमिंटन छोड़ दिया।

2004 में मॉडलिंग करियर की शुरुआत हुई, किस्मत से फिल्मों में आईं

पिता को राजी कर दीपिका ने 10वीं के बाद ही मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। वो कोरियोग्राफर और फैशन स्टाइलिस्ट प्रसाद बिदापा के लिए मॉडलिंग करती थीं। स्कूलिंग पूरी होते ही दीपिका ने इंदिरा गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी में सोशियोलॉजी की डिग्री लेने के लिए दाखिला ले लिया।

मॉडलिंग करियर के लिए छोड़ी थी पढ़ाई

सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन फिर दीपिका को कई मॉडलिंग प्रोजेक्ट मिलने लगे, जिससे उनका पढ़ाई और मॉडलिंग के बीच तालमेल बैठाना मुश्किल होने लगा। ऐसे में उन्होंने पढ़ाई अधूरी छोड़ दी और मॉडलिंग पर फोकस किया।

16वें बर्थडे पर पिता ने डिमांड पर दिलाई थी लिवाइस जींस, आज उसकी ब्रांड एम्बेसडर हैं

दीपिका पादुकोण ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो 16वें बर्थडे पर पहली लिवाइस जींस खरीदकर बेहद खुश हुई थीं। उनके पिता ने उन्हें स्कूल से पिक किया और सीधे बेंगलुरु की ब्रिगेड रोड के एक स्टोर ले गए। दीपिका ने ये किस्सा लिवाइस की ब्रांड एम्बेसडर बनने पर सुनाया था। बताते चलें कि दीपिका पहली इंडियन सेलिब्रिटी हैं, जो लिवाइस की ग्लोबल ब्रांड एम्बेसडर हैं।

साल 2004 में दीपिका लिरिल साबुन के ऐड में नजर आई थीं। इस ऐड से 18 साल की दीपिका को पहचान मिल गई और उन्हें लगातार कई ब्रांड्स के ऐड में काम मिलने लगा।


Advertisement