Thalapathy Vijay स्टारर Leo ने छठे दिन बॉक्स ऑफिस पर कैसा परफॉर्म किया है, और कितना कलेक्शन रहा है, यहां आपको बता रहे हैं।
'लियो' कलेक्शन: गिरती कमाई के साथ भी रिकॉर्ड बना रही थलापति विजय की फिल्म, छठे दिन ऐसा रहा हाल
लोकेश कनगराज के सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्म 'लियो' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। पांच दिनों में जहां यह फिल्म 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है, वहीं यह थलापति विजय के करियर की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म भी बन गई है। 'लियो' ने अपने पहले सोमवार यानी 23 अक्टूबर को 35.7 करोड़ का कलेक्शन किया था, जो वर्किंग डे के हिसाब काफी अच्छा है। लेकिन मंगलवार को 'लियो' की कमाई थोड़ी सी गिर गई। यह हैरान करने वाला है, क्योंकि मंगलवार, 24 अक्टूबर को दशहरा था, जोकि हॉलिडे था, बावजूद इसके फिल्म पहले सोमवार जितना भी नहीं कमा पाई।
Leo Collection Day 6:
'लियो', लोकेश कनगराज के सिनेमैटिक यूनिवर्स (LCU) की तीसरी फिल्म है। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब जब फिल्म 19 अक्टूबर को रिलीज हुई, और फिल्म में 'विक्रम' कमल हासन से लेकर 'रोलेक्स' सूर्या और 'डिल्ली' यानी 'कैथी' के कार्ति नजर आए, तो फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। थिएटर्स के बाहर लोग जश्न मनाने रहे। 'लियो' ने 64.8 करोड़ के साथ बंपर ओपनिंग की थी। 350 करोड़ के बजट में बनी 'लियो' वर्ल्डवाइड कमाई से अपना औसत निकाल चुकी है, और अब मुनाफे की रेस दौड़ रही है। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, 'लियो' ने छठे दिन यानी बुधवार, 24 अक्टूबर को 32.7 करोड़ रुपये कमाए।
'लियो' की देशभर में कमाई और 3 बड़े रिकॉर्ड
'लियो' ने अब छह दिनों में देशभर में 249.8 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। छठे दिन भी 'लियो' ने सबसे ज्यादा तमिल वर्जन से कमाए। इससे 203.8 करोड़ की कमाई हुई। वहीं हिंदी वर्जन से 13.75 करोड़ कमाए। 'लियो' अभी तक कई रिकॉर्ड बना चुकी है। यह 2023 की अब तक की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म बन चुकी है। इसके अलावा 'लियो' 2023 की पांचवी सबसे बड़ी भारतीय फिल्म और थलापति विजय के करियर की हाइएस्ट ग्रॉसिंग मूवी है।
Leo Worldwide Collection Day 6
'लियो' ने पांच दिनों में वर्ल्डवाइड 430 करोड़ का कलेक्शन किया था। अब छठे दिन फिल्म ने दुनियाभर में 458.80 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। वहीं इंडिया में फिल्म का 6 दिनों का ग्रॉस कलेक्शन 293.80 करोड़ रुपये है।











