बॉक्स ऑफिस पर कंगना रनौत की पिछली रिलीज 'धाकड़' भी डिजास्टर साबित हुई थी। यही नहीं, बीते 8 साल में उनकी 8 फिल्में लगातार पिट चुकी हैं। ऐसे में उम्मीद थी कि वायुसेना फाइटर जेट पायल तेजस गिल की कहानी दर्शकों को पसंद आएगी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 45 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'तेजस' ने ओपनिंग डे पर 1.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। यह फिल्म देशभर में 2000 से अधकि स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। लेकिन शुक्रवार को हालत यह थी सिनेमाघरों में 100 में से 94 सीटें खाली नजर आईं। हालांकि, रात के शोज में ऑडियंस ऑक्यूपेंसी बढ़कर 10% तक जरूर पहुंची, जिस कारण किसी तरह फिल्म 1 करोड़ का आंकड़ा पार कर पाई।
बचकाने डायलॉग और खराब VFX ने बिगाड़ा मजा
'तेजस' में कंगना रनौत के अलावा अंशुल चौहान, वरुण मित्रा और आशीष विद्यार्थी भी हैं। कहानी पाकिस्तान में बंदी बनाए गए रॉ एजेंट के रेस्क्यू मिशन पर आधारित है। फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से बहुत अच्छे रिव्यूज भी नहीं मिले हैं। फिल्म के डायलॉग्स जहां बचकाने हैं, वहीं एरियल फाइट सीन्स के बावजूद मेकर्स VFX के मामले में बुरी तरह मात खा गए हैं। हालांकि, कंगना ने अपने किरदार को बखूबी निभाया है, लेकिन स्क्रीनप्ले से लेकर तमाम तकनीकी कारणों ने फिल्म को लेकर दर्शकों का मजा किरकिरा कर दिया है।कंगना की पिछली 11 फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन का हिसाब लगाएं तो 'तेजस' को 'आई लव NY' और 'धाकड़' के बाद सबसे खराब ओपनिंग मिली है।











