ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे। वे महासभा की बैठक में इस्लामिक गणराज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान पेजेश्कियान के महासभा को संबोधित करने और अमेरिका-इजरायल के थोपे गए युद्ध पर ईरान का पक्ष रखने की उम्मीद है।
अराघची ने बताया UNGA में ईरान का एजेंडा
अमेरिका रवाना होने से पहले अराघची ने तेहरान में कहा कि इस साल महासभा में ईरानी प्रतिनिधिमंडल का मुख्य मकसद दुनिया के सामने अपनी बात रखना और जायोनी शासन के कायरतापूर्ण हमले के बाद ईरानी राष्ट्र के सही पक्ष, अधिकारों और हितों का बचाव करना है। ईरानी विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र को दुनिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच बताया।अराघची ने कहा कि अहम बात यह है कि संयुक्त राष्ट्र अभी भी देशों को एक ऐसा मंच देता है, जहां से वे दुनिया के सामने अपना पक्ष रख सकें। उन्होंने कहा कि इस साल, इस मंच का इस्तेमाल दुनिया के सामने ईरानी लोगों पर हुए अत्याचारों को रखने और देश के शहीदों को सम्मान देने के लिए भी किया जाएगा, "जिनमें मिनाब स्कूल के शहीद और सबसे बढ़कर हमारे शहीद नेता शामिल हैं।"
ईरानी डेलीगेशन को कड़ी रोक के साथ वीजा
ईरानी डेलीगेशन ऐसे समय में न्यूयॉर्क पहुंचा है, जब अमेरिका के साथ उसका युद्ध अभी भी खत्म नहीं हुआ है। अमेरिका ने 17 सितम्बर को ईरानी प्रतिनिधिमंडल के लिए वीजा मंजूर किए थे। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी प्रतिनिधिमंडल को कई तरह की पाबंदियों के साथ यात्रा की मंजूरी दी गई है। इसमें लग्जरी और दूसरे सामान खरीदने पर रोक शामिल है।अमेरिकी विदेश विभाग ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल को केवल हवाई अड्डे से अपने होटल और पास ही स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय तक आने-जाने की अनुमति दी है। ईरानी प्रतिनिधिमंडल मिलेनियम हिल्टन होटल में रुका हुआ है। यह 2013 से ही यहां ठहरता रहा है।
