साल 1868 में हांगकांग ने हवाई के राजा को आठ हिरण गिफ्ट किए थे। इनको मोलोकाई द्वीप पर छोड़ा गया। इसके बाद से मोलोकाई द्वीप की 7500 की आबादी वाले ग्रामीण इलाकों में ये हिरण शिकारियों और उनके परिवारों का पेट भरते आ रहे हैं। अब ये हिरण भोजन के स्रोत के साथ-साथ द्वीप के इकोसिस्टम को नुकसान कर रहे हैं। एक्सिस हिरण (चीतल) मूल रूप से भारत, श्रीलंका और नेपाल के हैं।
हजारों की संख्या में पहुंचे हिरण
मोलोकाई द्वीप पर 158 साल पहले छोड़े गए आठ एक्सिस हिरणों की संख्या अब 60,000 से ऊपर पहुंच गई है। ये हिरण फसलों और यहां के मूल पौधों को खा जाते हैं, जिससे जंगलों को नुकसान होता है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, हवाई के मूल पौधे ऐसे वातावरण में विकसित हुए, जहां घास चरने वाले जानवर नहीं थे। इस वजह से जानवरों के इन पौधों को चरने का खतरा ज्यादा है।हवाई में इंसानों के आने से पहले यहां चमगादड़ों के अलावा जमीन पर रहने वाले मूल स्तनधारी जीव नहीं थे। यहां हिरण, भेड़ या मवेशी नहीं पाए जाते थे। इसलिए जब खुर वाले जानवर यहां आए तो उन्होंने बहुत तेजी से नुकसान पहुंचाया। 1778 के बाद से हवाई के करीब 10 प्रतिशत मूल पौधे विलुप्त हो चुके हैं, जिसका एक बड़ा कारण बाहर से आई हिरण की प्रजातियां हैं।
चीतल किस तरह जमीन बदल रहे
एक्सिस हिरण फसलों, हवाई के मूल पौधों और सजावटी पौधों को खा जाते हैं। वे पेड़ों की छाल भी छील देते हैं। भीषण सूखे के दौरान वे पेड़ों की छाल तक खा जाते हैं। नर हिरण अपने सींगों को पेड़ों की छाल पर रगड़कर उन्हें नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे बड़े और परिपक्व पेड़ तक मर जाते हैं।पूर्वी मोलोकाई में जंगली सूअरों, बकरियों और एक्सिस हिरणों के कारण पौधों को खाए जाने और मिट्टी के दब जाने से यहां का वर्षावन अब घास वाली झाड़ीदार जमीन में बदल गया है। इस जमीन से बहकर आने वाली गाद द्वीप के दक्षिणी तट पर मौजूद कोरल रीफ के लिए खतरा बन सकती है।
इनके झुंड तेजी से बढ़ते हैं
अपने मूल इलाकों में एक्सिस हिरण बाघों, तेंदुओं और जंगली कुत्तों का शिकार बनते हैं लेकिन हवाई में ऐसे कोई शिकारी जानवर नहीं हैं। शिकारी जानवरों के ना होने से इन हिरणों की आबादी हर साल 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती है।लानाई और मोलोकाई में कुछ मादा हिरण 4 से 6 महीने की कम उम्र में प्रजनन करने लगती हैं। जिन वर्षों में भोजन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होता है, उन वर्षों में 90 प्रतिशत से अधिक वयस्क मादा हिरण बच्चोको जन्म देती हैं।



