चिकन नेक पर निर्भरता कम करने को भारत का बड़ा प्लान, नेपाल में बनने वाले रेलवे ट्रैक से जुड़ेंगे बिहार और बंगाल
काठमांडू: भारत ने नेपाल के रास्ते रेलवे ट्रैक बनाकर बिहार को बंगाल से जोड़ने की योजना बना रहा है। इस प्लान में बिहार के जोगबनी को बंगाल के न्यू माल जंक्शन से जोड़ने के लिए पड़ोसी देश नेपाल के विराटनगर के रास्ते रेलवे लाइन बनाया जाना है। इस रेलवे लाइन का मुख्य उद्देश्य पूर्वोत्तर को भारत से जोड़ने वाले सिलीगुड़ी कॉरिडोर पर निर्भरता कम करना है। इस कॉरिडोर को 'चिकन नेक' के रूप में भी जाना जाता है। भारतीय रेलवे ने पहले इसी तरह के उद्देश्य के लिए बांग्लादेश में ट्रैक बनाने की योजना का भी खुलासा किया था।टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय रेलवे ने विराटनगर और न्यू माल जंक्शन के बीच फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) के लिए 190 किलोमीटर के रूट को मंजूरी दी है। प्रस्तावित गलगलिया (बिहार)-भद्रपुर (नेपाल)-कजली बाजार (नेपाल) खंड के लिए अतिरिक्त 12.5 किमी नई रेलवे पटरियों की जरूरत होगी। जोगबनी-विराटनगर ब्रॉड गेज सेक्शन में भारत में 18.6 किमी और नेपाल में 13.15 किमी ट्रैक शामिल होंगे। नेपाल सरकार जल्द ही इस क्षेत्र को अपने अधिकार में ले लेगी। इसके अलावा बाकी हिस्से में काम जारी है।











