शिकागो के समीप वलपरासियो विश्वविद्यालय ने बुधवार को एक बयान में कहा, ''हम भारी हृदय से वरुण राज पुछा के निधन की जानकारी साझा कर रहे हैं। हमारे विश्वविद्यालय ने अपने एक बच्चे को खो दिया। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं वरुण के परिवार और उसके दोस्तों के साथ हैं।'' घटना के बाद हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया था और उसपर धारदार हथियार से हमला करने और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।
विश्वविद्यालय ने बताया, ''विश्वविद्यालय लगातार वरुण के परिवार के संपर्क में है और जहां तक संभव होगा हम सहायता और समर्थन जारी रखेंगे ताकि परिजन इस अत्यंत मुश्किल समय में आगे बढ़ सकें।'' विश्वविद्यालय परिसर में 16 नवंबर को वरुण के लिए स्मृति सभा के आयोजन की योजना बनाई जा रही है। हमलावर जॉर्डन एंड्राड ने पुलिस को बताया कि उसने और वरुण ने कभी बातचीत नहीं की थी लेकिन किसी ने बताया था कि वरुण उसे मारने की धमकी दे रहा है। वहीं जिम वालों ने बताया था कि वरुण शांत रहता था और किसी से कोई मतलब नहीं रखता था।











