भारत ने अफगानिस्तान पर प्रतिबंध खत्म करने की वकालत की
पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि मौजूदा सजा वाले उपायों का असर खत्म हो गया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अफगानिस्तान के साथ बातचीत के लिए नया तरीका अपनाने का आग्रह किया। हरीश ने अफगानिस्तान के अंदर पाकिस्तान के हवाई हमलों की भी निंदा की। उन्होंने 'यूनाइटेड नेशंस असिस्टेंस मिशन इन अफगानिस्तान' (UNAMA) की उन रिपोर्टों का जिक्र किया जिनमें इन हमलों की वजह से बड़ी संख्या में आम नागरिकों के हताहत होने की बात कही गई थी।
भारत ने अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हमलों की निंदा की
भारतीय प्रतिनिधि ने पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के साथ व्यापार और ट्रांजिट पर पाबंदियां लगाने का भी आरोप लगाया और उन्हें हटाने की मांग की। दरअसल, अफगानिस्तान चारों ओर से जमीन से घिरा देश है। वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए पाकिस्तान पर निर्भर है। हालांकि पाकिस्तान उसी का फायदा उठाकर अफगानिस्तान पर दबाव बना रहा है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान सीमा को पूरी तरह से बंद कर दिया है। इस कारण माल ढुलाई के अलावा लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।











