बीते 24 साल में 20 बड़ी फिल्‍मों की हो चुकी है टक्‍कर, सिर्फ 3 ने हारी बाजी

बीते 24 साल में 20 बड़ी फिल्‍मों की हो चुकी है टक्‍कर, सिर्फ 3 ने हारी बाजी
देशभर में सिनेमा की दुनिया के दीवानों को 11 अगस्‍त का बेसब्री से इंतजार है। शुक्रवार को सनी देओल की 'गदर 2' और अक्षय कुमार की 'ओएमजी 2' की बॉक्‍स ऑफिस पर भ‍िड़ंत होने वाली है। दोनों ही फिल्‍मों की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और रेस में 'गदर 2' का पलड़ा बहुत भारी है। वैसे, यह भी दिलचस्‍प हे कि बॉक्‍स ऑफिस पर बड़ी फिल्‍मों के क्‍लैश का फायदा अक्‍सर दोनों ही फिल्‍मों को मिला है। बीते 24 साल में 20 बड़ी फिल्‍में टिकट ख‍िड़की पर एक-दूसरे से भ‍िड़ी हैं। आंकड़े बताते हैं कि इनमें से 17 फिल्‍में हिट, सुपरहिट और ब्‍लॉकबस्‍टर रही हैं। जबकि सिर्फ 3 फिल्‍में फ्लॉप या एवरेज कैटेगरी में गई हैं। वैसे भी, साल 2023 में 'पठान' और 'द केरल स्‍टोरी' की बंपर सफलता के बाद बॉक्‍स ऑफिस पर बॉलीवुड के लिए मायूसी का मौसम रहा है। लेकिन दिलचस्‍प है अगस्‍त और सितंबर महीने में 28 दिनों के भीतर बॉलीवुड और साउथ से एक के बाद एक 5 बड़ी फिल्‍मों की सौगात मिलने वाली है।

आगामी शुक्रवार को जहां सनी देओल और अक्षय कुमार से बॉक्‍स ऑफिस को धमाके की पूरी उम्‍मीद है, वहीं इससे एक दिन पहले 10 अगस्‍त को सुपरस्‍टार रजनीकांत भी 'जेलर' बनकर आ रहे हैं। उनकी इस फिल्‍म को लेकर क्रेज ऐसा है कि चेन्‍नई और बेंगलुरु में गुरुवार की छुट्टी दी जा रही है। अगस्‍त महीने में इसके बाद 25 तारीख को आयुष्‍मान खुराना भी 'ड्रीम गर्ल 2' लेकर आ रहे हैं। यानी अगस्‍त में एक के बाद एक तीन सीक्‍वल फिल्‍में रिलीज हो रही हैं। जबकि अगस्‍त के बाद सितंबर में सिनेमाघरों में सरगर्मी बढ़ने वाली है। महीने की शुरुआत में जहां 7 सितंबर को शाहरुख खान की 'जवान' रिलीज होगी, वहीं महीने के आख‍िर में 28 सितंबर को प्रभास की 'सालार' भी रिलीज होगी।

एडवांस बुकिंग में 'गदर 2' ने 'ओएमजी 2' को दी धोबी पछाड़

Gadar 2 Vs OMG 2 Advance Booking: शुक्रवार, 11 अगस्‍त को रिलीज हो रही 'गदर 2' और 'ओएमजी 2' की एडवांस बुकिंग जोर-शोर से जारी है। sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ओपनिंग डे के लिए सनी देओल की फिल्‍म की अब तक 1 लाख 54 हजार से अध‍िक टिकटें बिक चुकी हैं। इस तरह 'गदर 2' ने एडवांस बुकिंग से रविवार रात तक 3.96 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसके मुकाबले अक्षय कुमार की फिल्‍म की हालत थोड़ी पतली जरूर है। रविवार रात तक 'OMG 2' के लिए 20,321 टिकटों की एडवांस बुकिंग हुई है, जिससे फिल्‍म ने 62.51 लाख रुपये कमा लिए हैं। यहां यह बात भी गौर करने वाली है कि सेंसर बोर्ड से रस्‍साकसी के कारण 'ओएमजी 2' की एडवांस बुकिंग देर से खुली है। जबकि बाजार के जानकार यही मानते हैं कि फिल्‍म वर्ड ऑफ माउथ के बूते अच्‍छी कमाई कर सकती है।

20 फिल्‍मों में से 5 ब्‍लॉकबस्‍टर, 11 हिट-सुपरहिट

बीते 24 साल के इतिहास पर नजर डाले तो 2020 से लेकर अब तक कुल 20 बड़ी फिल्‍में बॉक्‍स ऑफिस पर एक-दूसरे से टकराई हैं। मजेदार बात यह है कि इनमें से 17 फिल्‍मों ने दर्शकों के दिलों पर राज किया है, जबकि सिर्फ तीन फिल्‍में ही औसत और फ्लॉप साबित हुई हैं। इन 17 फिल्‍मों में से 5 ब्‍लॉकबस्‍टर और 12 हिट-सुपरह‍िट रही हैं। जबकि रणबीर कपूर की डेब्‍यू फिल्‍म 'सांवरिया', सलमान खान की 'जान-ए-मन' जहां फ्लॉप साबित हुई, वहीं शाहिद कपूर की 'हैदर' एवरेज रही थी। यदि यह हिसाब जारी रहता है तो 'गदर 2' और 'ओएमजी 2' के लिए भी आगे खुशखबरी आने वाली है।
Advertisement