साउथ इंडस्ट्री की श्रिया रेड्डी हाल ही में 'सलार' फिल्म में नजर आई थीं। इस फिल्म में वे विलेन राजा मन्नार की बिटिया राधा राम मन्नार के रोल में दिखीं। राधा भी अपने पिता की तरह खानसार की सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहती हैं। श्रिया हिंदी फिल्मों में स्मिता पाटिल और रेखा जैसी पॉपुलरिटी हासिल करना चाहती हैं। पेश हैं उनसे बातचीत के कुछ प्रमुख अंश।
सवाल- 'सलार' में आपकी कास्टिंग कैसे हुई?
जवाब- मुझे इस इंडस्ट्री में 16 साल हो गए हैं। इस किरदार के लिए डायरेक्टर प्रशांत नील जी को एक स्ट्रॉन्ग हेडेड नजर आने वाली एक्ट्रेस की तलाश थी। एक ऐसी एक्ट्रेस जिसे स्क्रीन पर देखकर लोग डरें। हालांकि शुरूआत में जो उन्होंने मुझे इस किरदार का ब्रीफ दिया था, उससे मैं सहमत नहीं थी। फिर बाकी कई राउंड के डिस्कशंस के बाद मैं उस किरदार के मिजाज को एक्सेप्ट कर पाई।
सवाल- रियल लाइफ में आप इस किरदार के कितने करीब हैं?
जवाब- मैं भी उसी की तरह स्ट्रॉन्ग हेडेड हूं। मैं भी उसी तरह अपनी बात पूरी मजबूती से रखती हूं। प्रशांत नील खासकर इस किरदार के लिए एक पर्टिकुलर बॉडी लैंग्वेज चाहते थे। प्रशांत चाहते थे कि राधा के रोल में मैं खास तरह से ही डायलॉग बोलूं। आलम ये था कि मैं सेट पर पूरे टाइम सीरियस ही बनी रहती थी। शूट के ब्रेक में किसी से बात नहीं करती थी। यहां तक कि पूरे शूट में मैंने प्रभास से भी बात नहीं की। ऐसा इसलिए किया ताकि मैं कैरेक्टर में बनी रहूं। खुद प्रशांत नील की ओर से साफ इंस्ट्रक्शंस थे कि राधा कभी स्माइल नहीं करती तो मैं भी न करूं। मैंने वही किया।
सवाल- ऐसा किरदार परफॉर्म करते वक्त आप मन में किसके बारे में सोचती थीं?
जवाब- मन में तो किसी के बारे में नहीं सोचती थी। मगर हां, उस तरह की सख्त और ताकतवर शख्सियत के लिए जयललिता जी या फिर इंदिरा गांधी जी से काफी इंस्पिरेशन लिए। इंदिरा जी की जो पॉइज थी, वो कमाल की थी। उनका फेस सॉफ्ट था, मगर जब वो बोलतीं तो फिर समझ आता था कि क्या कमाल बोलती थीं। जब वो बोला करती थीं तो उन्हें सुनने के सिवाय और कोई ऑप्शन नहीं होता था। मैं स्मिता पाटिल जी की भी बड़ी फैन रहीं हूं। उनका लुक कमाल का था। सब कहा करते थे कि मेरा लुक और स्किन कलर उनके जैसा है। इन सारी इम्पावरिंग पर्सनैलिटी का मुझ पर कमाल का प्रभाव रहा है।
सवाल- इस किरदार से क्या सीखा?
जवाब- आप का रोल चाहे 5 या 10 मिनट का ही क्यों न हो, अगर आप उसे पूरी शिद्दत से करेंगे तो ऑडियंस आपको झोली भरकर प्यार देगी। आप उस लेंथ का रोल भी अगर ड्रीम रोल की तरह परफॉर्म करें तो यकीनन रिजल्ट कमाल का आएगा।
सवाल- रोमांटिक जॉनर की फिल्मों में आप किस तरह का काम करना चाहेंगी?
जवाब- फिल्म 'सिलसिला' में जो रेखा जी का किरदार था। अगर मुझे मौका मिले तो मैं इस तरह का किरदार जरूर करना चाहूंगी। वैसे मैं स्मिता पाटिल जी से रेजोनेट करती हूं। अगर मैं कभी भी शबाना आजमी जी की तरह पांच से दस फीसदी भी एक्ट कर पाई, तो खुद को बहुत खुशनसीब समझूंगी।
सवाल- क्या 'सलार' सिर्फ मेल ऑडियंस की फिल्म है?
जवाब- ऐसा नहीं है। यह एक एक्शन फिल्म है और ऑडियंस मेरे किरदार के बारे में भी बात कर रही है। रिस्पॉन्स की बात करूं तो ना सिर्फ मेल, बल्कि फीमेल ऑडियंस की ओर से भी फीडबैक मिल रहे हैं कि राधा राम जैसी शख्सियतों से इंस्पिरेशन लेने की जरूरत है।
सवाल- 'सलार 2' तो शुरू नहीं हुई है ना?
जवाब- जी हां। उसमें मेरे ख्याल से अभी वक्त लगेगा। 'सलार 2' जरूर होगी। मगर ये तो प्रशांत और होम्बले फिल्म्स ही जानते हैं कि कब होगी? चूंकि पार्ट वन पूरी नहीं हुई है तो उसे पूरा करने के लिए पार्ट टू तो बनेगी ही।
सवाल- क्या आप कभी 'सलार' टाइप एक्शन करना चाहेंगी?
जवाब- जी बिल्कुल। मैं फिजिकली फिट भी हूं। मैं जरूर चाहूंगी कि पर्दे पर दुश्मनों के छक्के छुड़ाती नजर आऊं। प्रशांत नील से इनसिस्ट करूंगी कि पार्ट टू में वो मुझे भी प्रभास जैसा एक्शन करने का मौका दें।
सवाल- साउथ में फिल्म फैमिली अपने बेटियों को फिल्म लाइन में नहीं भेजते हैं- क्या ये सच है?
जवाब- ऐसा बिल्कुल नहीं है। जो लड़कियां एक्टिंग में दिलचस्पी रखती हैं या बतौर राइटर और डायरेक्टर काम करना चाहती हैं, वे फिल्म लाइन में जरूर आती हैं।
सवाल- बॉलीवुड में काम करना चाहेंगी? मुंबई में रहना पसंद करेंगी?
जवाब- मैं फिल्म इंडस्ट्री को डिवाइड नहीं करती। हालांकि 'सलार' साउथ से बनी, मगर इस फिल्म को नॉर्थ में भी खूब प्यार मिला। आजकल सभी इस फिल्म के बारे में बातें कर रहें हैं। मुझे न सिर्फ हिंदी, बल्कि जहां कहीं से भी अच्छे रोल मिलेंगे, मैं जरूर करना चाहूंगी।
सवाल- अगर मौका मिले तो किस तरह की हिंदी फिल्म करना चाहेंगी?
जवाब- 'सिलसिला'। टीनएज या फिर कॉलेज बेस्ड लव स्टोरीज तो काफी बनती रही हैं। मगर मैच्योर लव स्टोरीज जैसी 'सिलसिला' थी, वो आज भी बहुत कम बनती हैं। मैं बच्ची थी, जब 'सिलसिला' फिल्म आई थी। सच कहूं तो ये फिल्म मुझे बहुत पसंद है। तेलुगू इंडस्ट्री की बात करूं तो वहां एक्शन के बाद सबसे बड़ा जॉनर रोमांटिक फिल्मों का है। वहां के युवा फिल्मकार काफी रिफ्रेशिंग कहानियां लेकर आ रहें हैं।











