पंकज त्रिपाठी ने मैशेबल इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि 'अग्निपथ' में एक जगह ऋतिक रोशन उनको चाकू मारते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया, 'उस सीन में ऋतिक को मुझे 3-4 बार चाकू मारना था। मुझे मरने की एक्टिंग करनी थी और ऐसा करने के लिए मैंने अपनी सांसे रोक ली थी। मैं नहीं जनता था कि किसी को चाकू मारा जाता है तो कैसा महसूस होता है।'
ऋतिक रोशन ने मारा था पंकज त्रिपाठी को 'चाकू', 'अग्निपथ' के इस सीन की शूटिंग में बेहोश हो गए थे एक्टर
साल 2012 में करण मल्होत्रा की फिल्म 'अग्निपथ' रिलीज हुई थी। इसमें ऋतिक रोशन और प्रियंका चोपड़ा ने अहम भूमिका निभाई थी। संजय दत्त और पंकज त्रिपाठी ने भी दर्शकों का अपने किरदार से दिल जीता था। इस मूवी को अब 11 साल हो चुके हैं। मगर मूवी का जिक्र हो रहा है क्योंकि पंकज त्रिपाठी ने एक किस्सा सुनाया है। उन्होंने बताया है कि वो इस फिल्म में मौत का सीन शूट करते वक्त बेहोश हो गए थे।
बेहोश हो गए थे पंकज त्रिपाठी
पंकज त्रिपाठी ने आगे कहा, 'अगर आप उस सीन को ध्यान से देखेंगे तो पाएंगे कि मेरी आंखें पूरी तरह से लाल हो गई हैं। कोई केवल अपनी कल्पना ही कर सकता है। मुझे याद है कि दूसरे या तीसरे टेक में मैं कुछ सेकंड के लिए बेहोश हो गया था। मैं गिर गया था।' उन्होंने आगे कहा, 'जब कैमरा सब कैप्चर कर रहा था, मेरे पास ब्लैकआउट हो गया और मैं गिर गया क्योंकि मैंने बहुत देर तक अपनी सांसें रोक रखी थीं। लोग तुरंत मेरे पास जमा हो गए और मेरे चेहरे पर पानी के छींटे मारने लगे। जब मुझे होश आया तो देखा कि इतने सारे लोग मुझे घेरकर खड़े हैं।'
संजय दत्त और ऋषि कपूर थे विलेन
पंकज ने संजय दत्त के किरदार कांचा चीना के सहायक की भूमिका निभाई थी। संजय ने फिल्म में मेन विलेन का रोल किया था। ऋतिक ने विजय दीनानाथ चौहान की भूमिका निभाई। करण मल्होत्रा द्वारा निर्देशित 2012 की फिल्म में कैटरीना कैफ और प्रियंका चोपड़ा भी थीं। ऋषि कपूर भी नेगेटिव किरदार में दिखाई दिए थे। ये मूवी हिट हुई थी।











