भारत के तीसरे सबसे अमीर एक्टर हैं ऋतिक:पिछले 10 सालों में सिर्फ 4 हिट फिल्में दीं

भारत के तीसरे सबसे अमीर एक्टर हैं ऋतिक:पिछले 10 सालों में सिर्फ 4 हिट फिल्में दीं

ऋतिक रोशन का आज 50वां बर्थडे है। ऋतिक पिछले 24 साल से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। 25 जनवरी को उनकी फिल्म फाइटर रिलीज होने वाली है।

ऋतिक के पिछले 10 साल के करियर पर नजर डालें, तो उनकी सिर्फ 6 फिल्में रिलीज हुई हैं। इनमें से सिर्फ एक फिल्म मोहनजोदड़ो फ्लाॅप रही और दूसरी फिल्म विक्रम वेधा उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई। बाकी 4 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रहीं।

सबसे ज्यादा फीस चार्ज करने वाले एक्टर की लिस्ट में ऋतिक का नाम छठे नंबर पर है। वहीं, उनकी कुल नेटवर्थ 3,117 करोड़ है। भारत के अमीर एक्टर्स की लिस्ट में तीसरे पायदान पर उनका नाम है। कमाई के मामले में सलमान खान और अक्षय कुमार भी उनसे पीछे हैं।

पहली ही फिल्म कहो ना प्यार है ने ऋतिक को रातों-रात बड़ा स्टार बना दिया। हालांकि बचपन से लेकर फिल्मों तक, उनका सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा।

बर्थडे के मौके पर जानते हैं, ऋतिक रोशन की लाइफ से जुड़े ऐसे ही किस्से…
पिछले 10 साल में ऋतिक की सिर्फ 6 फिल्में रिलीज हुई हैं। 2023, 2021, 2020, 2018 और 2015 में उनकी एक भी फिल्म रिलीज नहीं हुई है। किसी फिल्म का बजट भी 200 करोड़ से ज्यादा नहीं है।

इन 10 साल में 170 करोड़ के बजट में बनी वाॅर सबसे बड़ी हिट रही। इसने दुनियाभर में 475.5 करोड़ का कलेक्शन किया। यह अब तक ऋतिक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म कृष 3 है, जो 2013 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने दुनियाभर में 393.37 करोड़ का कलेक्शन किया था।

सबकी निगाहें ऋतिक की फाइटर पर

ऋतिक और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म फाइटर 25 जनवरी को रिलीज होने वाली है। 250 करोड़ में बनी यह फिल्म 2300 स्क्रीन्स पर रिलीज होगी। सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में अनिल कपूर भी लोड रोल में हैं।

फिल्म की अनाउंसमेंट 10 जनवरी 2021 को हुई थी, मगर कोविड की वजह से फिल्म के प्री-प्रोडक्शन में देरी हो गई थी।

ऋतिक के पास सिर्फ 1 बड़ी फिल्म
ऋतिक की झोली में वाॅर 2 है, जिसकी रिलीज की संभावना 2025 में है। यह 2019 की फिल्म वाॅर का सीक्वल है। फिल्म फाइटर की शूटिंग खत्म करने के बाद ऋतिक ने इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्म के सारे एक्शन सीक्वेंस वो बिना बाॅडी डबल के ही शूट करेंगे।

इस फिल्म से जूनियर NTR अपना बाॅलीवुड डेब्यू करेंगे। फिल्म में उन्हें विलेन के रोल में दिखाया जाएगा। फिल्म में जूनियर NTR और ऋतिक का एक फेस ऑफ सीक्वेंस भी होगा। वहीं सूत्रों की मानें तो जूनियर NTR वॉर-2 की शूटिंग जनवरी में शुरू करके इसे अप्रैल तक पूरा कर लेंगे।

इसके अलावा चर्चा है कि वॉर-2 से आलिया भट्‌ट या दीपिका पादुकोण जुड़ सकती हैं। कुछ रिपोर्ट्स में तो यहां तक कहा गया है कि YRF ने इस फिल्म में आलिया को बतौर फीमेल लीड साइन कर लिया है।

3,117 करोड़ रुपए के मालिक हैं
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा समय में ऋतिक की कुल संपत्ति 3,117 करोड़ रुपए है। वो एक फिल्म के लिए 75 से 100 करोड़ रुपए चार्ज करते हैं। इसके अलावा ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए 8 से 15 करोड़ रुपए लेते हैं।

ऋतिक भारत के तीसरे रईस एक्टर हैं। उन्होंने कुल कमाई के मामले में बिग बी और सलमान खान को पीछे छोड़ दिया है।


Advertisement