भारत और पाकिस्तान बिना खेले कैसे सेमीफाइनल में पहुंच गया? अफगानिस्तान-हॉन्गकॉन्ग के साथ अन्याय, समझें नियम

भारत और पाकिस्तान बिना खेले कैसे सेमीफाइनल में पहुंच गया? अफगानिस्तान-हॉन्गकॉन्ग के साथ अन्याय, समझें नियम
नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। खास बात यह है कि इन दोनों टीमों ने अब तक एक मैच भी नहीं खेला है, लेकिन पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं। अगर सेमीफाइनल और फाइनल मैच भी बारिश या किसी अन्य कारण से नहीं हो पाते हैं तो टीम इंडिया बिना कोई मैच खेले गोल्ड मेडल जीत जाएगी। भारत और पाकिस्तान के मैच धुलने के बाद एशियन गेम्स के नियम चर्चा में बने हुए हैं। आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है।

भारत और पाकिस्तान के मुकाबलों में क्या हुआ?

एशियन गेम्स में बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह दी गई। अन्य देशों की टीमें ग्रुप स्टेज के मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं। वहीं, इन चारों टीमों को बिना कोई मैच खेले क्वार्टर फाइनल में जगह मिल गई। इसके बाद पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया और यह टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गई। कुछ घंटे बाद भारत के साथ भी ऐसा ही हुआ। भारत-अफगानिस्तान मैच बारिश के कारण रद्द हुआ और टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई।

अफगानिस्तान-हॉन्गकॉन्ग के साथ अन्याय

अफगानिस्तान ने ग्रुप-बी में जापान को हराया था। हालांकि, नेपाल के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था। गुप्र-ए में दूसरे स्थान पर रहते हुए यह टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी, लेकिन यहां उसे खेलने का मौका नहीं मिला और टीम को सेमीफाइनल में भेज दिया गया, जिसने प्रतियोगिता में कोई मैच नहीं खेला है। हॉन्गकॉन्ग की टीम भी ओमान को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी, लेकिन मैच खेले बिना ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई। किसी भी खिलाड़ी का लिए यह बेहद मुश्किल होता है।

क्या कहते हैं नियम?

एशियन गेम्स में किसी भी मैच के लिए रिजर्व डे नहीं रखा जाता है। ऐसे में साफ नियम है कि जब कोई मैच पूरा नहीं हो पाता तो बेहतर आईसीसी रैंकिंग वाली टीम को अगले राउंड में पहुंचा दिया जाता है। भारत मौजूदा समय में दुनिया की बेस्ट टी20 टीम है। ऐसे में अगर भारत के हर मैच में बारिश होती है तो टीम इंडिया बिना कोई मैच खेले ही गोल्ड मेडल जीत जाएगी। यह नियम नया नहीं है। इससे पहले से कई खेलों और टूर्नामेंट में इससे मिलते-जुलते नियम हैं, लेकिन परेशानी खराब मौसम और खराब मैदान के कारण हो रही है, क्योंकि अधिकतर टीमों के मैच नहीं हो पा रहे हैं। बेहतर खेल दिखाने वाली एसोसिएट टीमों को बड़ी टीमों को चुनौती देने का भी मौका नहीं मिल रहा है।
Advertisement