सामने आए एक वीडियो में तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की पत्नी, कृथिका उदयनिधि को पुलिस अधिकारियों से यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'वह टॉयलेट में हैं। प्लीज थोड़ा समय दें। 10 मिनट तो रुकिए।'इस फ़ुटेज में किरुथिगा, पुलिस अधिकारियों और DMK नेता मा. सुब्रमण्यम के बीच हुई बातचीत दिख रही है।
अफसर और उदयनिधि स्टालिन की पत्नी के बीच क्या हुई बात
अधिकारी उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लेने से पहले उनसे मिलने का इंतजार कर रहे थे। फुटेज में पुलिस अधिकारी घर के अंदर इंतजार करते हुए दिख रहे हैं। वे उदयनिधि को हिरासत में लेने से पहले उनसे मिलना चाहते थे। एक पुलिस अधिकारी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि हम काफी देर से इंतजार कर रहे हैं। मैं यहां कोई गैर-कानूनी काम नहीं कर रहा हूं। उन्होंने जोर देकर कहा कि टीम सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रही थी।सुब्रमण्यम से भी हुई बहस
अधिकारियों की बात का जवाब देते हुए, तमिल सिनेमा की फिल्ममेकर और लेखिका किरुथिगा उदयनिधि ने उन्हें बताया कि उनके पति अभी तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह टॉयलेट में हैं। कृपया थोड़ा समय दें। उन्होंने पुलिस से उनसे मिलने से पहले थोड़ा और इंतजार करने का अनुरोध किया। घर पर मौजूद सुब्रमण्यम ने भी अधिकारियों से और समय देने की अपील की और कहा कि कस्टडी में कुछ मिनट की देरी से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा।देरी पर पुलिसवाले भड़के
सुब्रमण्यम ने कहा कि अगर आप उन्हें सुबह 9:30 या 10:30 बजे ले जाते हैं, तो जनता की तरफ से कुछ विरोध हो सकता है।11 बजे भी ऐसा ही होगा। जैसे-जैसे समय बीतेगा, भीड़ जमा हो जाएगी। हालांकि, अधिकारी का कहना है कि पुलिस हमेशा इंतज़ार नहीं कर सकती। पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम और इंतजार नहीं कर सकते। हम कब तक इंतज़ार करेंगे? वह बार-बार कह रहे हैं कि 10 मिनट लगेंगे, 10 मिनट लगेंगे। यह हमारा काम है। हम कानून का उल्लंघन नहीं करेंगे। अगर आप दिखाएं कि हम कानून तोड़ रहे हैं, तो मैं मानूंगा। जब ऐसा नहीं है, तो आपको हमें अपना काम करने देना चाहिए।'पुलिस अफसर ने पूछा, क्या मैं कानून तोड़ रहा हूं?'
सुब्रमण्यम थोड़ी देर इंतज़ार करने की बात पर ज़ोर देते हुए कहते हैं कि उन्हें बाथरूम से बाहर आने दीजिए। प्लीज़ 10 मिनट इंतजार कीजिए। इस बीच एडवोकेट सरवनन भी यहां आ जाएंगे। सुब्रमण्यम आगे तर्क देते हैं कि उदयनिधि को तंजावुर ले जाया जा रहा है, जो लगभग आठ घंटे का सफर है- और उन्हें निकलने से पहले अपनी सुबह की दिनचर्या पूरी करने की इजाज़त दी जानी चाहिए। अधिकारी फिर से पूछते हैं, 'क्या मैं कानून का उल्लंघन कर रहा हूं?'क्या है तृषा और विजय के रिश्ते पर दिया गया विवादित बयान
पुलिस की यह कार्रवाई 3 अगस्त को तमिलनाडु के तंजावुर में कावेरी जल-बंटवारे के विवाद को लेकर DMK के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन में उदयनिधि के भाषण के बाद हुई है। रैली के दौरान, जब भीड़ के कुछ हिस्सों ने बार-बार अभिनेत्री तृषा का नाम लिया, तो उन्होंने दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी की, जिससे बड़े पैमाने पर राजनीतिक आक्रोश फैला और कई शिकायतें दर्ज हुईं।तमिलनाडु पुलिस ने उदयनिधि के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। इनमें महिला की गरिमा को ठेस पहुँचाने, शांति भंग करने के इरादे से जान-बूझकर अपमान करने, आपराधिक धमकी देने और आपराधिक साजिश रचने जैसे आरोप शामिल हैं।
तमिलनाडु में गरमाई है सियासत
FIR में 'तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम, 2002' की धारा 4 और इलेक्ट्रॉनिक रूप से अश्लील सामग्री प्रसारित करने के आरोप में 'सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम' की धारा 67 को भी शामिल किया गया है। इस विवाद ने राज्य में राजनीतिक लड़ाई को और तेज़ कर दिया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सत्ताधारी पार्टी 'तमिलगा वेट्री कझगम' (TVK) ने DMK नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए 'राष्ट्रीय महिला आयोग' (NCW) का रुख किया है।जहां एक ओर BJP और TVK ने उदयनिधि पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है, वहीं DMK ने इन आलोचनाओं को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक मकसद से प्रेरित बताया है। पार्टी का कहना है कि यह कदम कावेरी मुद्दे से ध्यान भटकाने और विधानसभा सत्र से पहले विपक्ष को निशाना बनाने की कोशिश है।











