नहीं काम आईं दुआएं, करीब 90 घंटे बाद काली नदी में मिला मासूम चारू कश्‍यप का शव, घरवालों में चीख-पुकार

नहीं काम आईं दुआएं, करीब 90 घंटे बाद काली नदी में मिला मासूम चारू कश्‍यप का शव, घरवालों में चीख-पुकार
बुलंदशहर: वही हुआ जिसका डर था। लोगों की दुआएं काम नहीं आईं। यूपी के बुलंदशहर में नाले में गिरी 11 साल की मासूम चारू कश्‍यप का शव शनिवार सुबह करीब 90 घंटे बाद काली नदी से मिला है। NDRF, SDRF और पीएसी के गोताखोर तमाम कोशिशों के बावजूद चारू को जिंदा नहीं ला पाए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चारू की डेडबॉडी देखकर घरवालों में चीख-पुकार मच गई। पूरे मोहल्‍ले में मातम छा गया है।

मोहल्ला साठा की रहने वाली कक्षा चार की छात्रा चारू कश्यप बीते मंगलवार को स्कूल से घर लौटते समय नाले के तेज बहाव में बह गई थी। गोताखोरों ने काली नदी में करीब पांच किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया। चारू की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपनी बेटी का स्‍कूल बैग संभालकर बैठी हुई थीं। उनको उम्‍मीद थी कि चारू जिंदा वापस जरूर आएगी।


काली नदी में 5 किमी दायरे में हुई खोज

सीओ सिटी शेखर पांडे ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान छात्रा का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। करीब 90 घंटे तक काली नदी में पांच किलोमीटर के दायरे में बचाव अभियान चला।


डीएम ने चार अफसर किए थे सस्‍पेंड

गौरतलब है कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में डीएम ने नगर पालिका परिषद के चार अधिकारियों को तत्‍काल प्रभाव से सस्‍पेंड कर दिया था। स्‍कूल प्रबंधन पर भी बारिश के बीच छुट्टी करने में लापरवाही का आरोप लगा। इस वजह से उस पर भी एफआईआर दर्ज की गई है।


सांत्‍वना देने के लिए लोगों का लगा तांता

रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन के दौरान चारू कश्‍यप के परिजनों को सांत्‍वना देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। जिला पंचायत अध्‍यक्ष डॉ अतुल तेवतिया और बीजेपी विधायक लक्ष्‍मी राज सिंह भी परिवार से मिलने आए थे।
Advertisement