भोपाल/ श्रावण मास की पावन शिवरात्रि के अवसर पर जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल श्री दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर, भोपाल में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, मंत्र-जप एवं आरती श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई। इस दौरान मंदिर परिसर में ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।
श्रावण शिवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, पंचामृत एवं पवित्र द्रव्यों से अभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प एवं फल अर्पित किए। विधि-विधान से संपन्न पूजन के दौरान भक्तों ने महामृत्युंजय मंत्र सहित विभिन्न शिव मंत्रों का सामूहिक जाप किया।
विश्व कल्याण, सुख-शांति, समृद्धि एवं परिवारों की मंगलकामना के उद्देश्य से विशेष रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का पूजन कर श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक शांति एवं पुण्य लाभ की कामना की। आरती के पश्चात भक्तों ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रावण शिवरात्रि को भगवान शिव की उपासना का विशेष पर्व माना जाता है। इस दिन श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, बेलपत्र अर्पण, मंत्र-जप एवं आरती करने से मन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति तथा भक्ति-भाव की अनुभूति होती है।
श्री दादाजी धाम मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था एवं आध्यात्मिक साधना का प्रमुख केंद्र है। मंदिर समिति की ओर से सभी शिवभक्तों से भगवान भोलेनाथ की आराधना कर धर्म, सेवा, सद्भाव एवं विश्व कल्याण की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
