डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म एनिमल बॉक्स ऑफिस पर सुपर हिट रही। हालांकि कई दर्शकों ने इसे जमकर क्रिटिसाइज भी किया। अब हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में संदीप के भाई प्रणय ने बताया कि इस फिल्म के थप्पड़ सीन में परफेक्शन पाने के लिए एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने रणबीर कपूर को 20 से 25 थप्पड़ लगाए थे।
रणबीर ने रश्मिका से बोला- ‘यह पूरी तरह से आपका सीन है’
iDream Media को दिए एक इंटरव्यू में प्रणय ने कहा, ‘मेरे ख्याल से फिल्म में रश्मिका का किरदार गीतांजली उतना ही इम्पॉर्टेंट है जितना रणबीर कपूर और बॉबी देओल का था। फिल्म के करवा चौथ सीन में रणबीर के मुश्किल से 4 डायलाॅग होंगे। वो सीन पूरी तरह से रश्मिका का है।
शूटिंग के दौरान रणबीर ने रश्मिका से कहा भी था कि यह सीन पूरी तरह से उनका है और यह अच्छे से शूट हो इसके लिए रश्मिका उन्हें जितना चाहे मार सकती हैं। यहां तक की परफेक्ट शॉट पाने के लिए रणबीर ने रश्मिका से 20 से 25 थप्पड़ भी खाए थे। रणबीर इस सीन के इमोशंस को पूरी तरह बाहर लाना चाहते थे।’
मनजोत को ऑफर हुआ था रणबीर के कजिन का रोल
वहीं दूसरी तरफ ‘फुकरे’ फेम एक्टर मनजोत सिंह ने भी एक इंटरव्यू में बताया कि डायरेक्टर संदीप ने उन्हें फिल्म में रणबीर के कजिन ब्रदर का रोल ऑफर किया था। हालांकि, मनजाेत ने यह ऑफर असेप्ट नहीं किया और बाद में इस किरदार को एक्टर अवदीप सिद्धू ने निभाया।
इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में मनजोत ने कहा, ‘मैं डायरेक्टर संदीप से मिलने गया था वहां उन्हाेंने मुझे मेरे कैरेक्टर का ब्रीफ दिया। यह रोल रणबीर के किसी कजिन का था जिससे वो तब मिलता है जब वो अपने गांव पंजाब जाता है। इस किरदार का नाम भी मनजोत ही था। उस टाइम पर मुझे अपने कैरेक्टर के बारे में ज्यादा आईडिया नहीं था।’
मैंने कबीर सिंह 3 बार देखी है: मनजोत
मनजोत ने आगे बताया, ‘जब मैं संदीप सर से मिला तो मैंने उन्हें बताया कि मैं उनके काम का फैन हूं। मैंने उनसे कहा कि मैंने कबीर सिंह 3 बार देखी है। मैं इस फिल्म को सिर्फ संदीप सर की रिस्पेक्ट के लिए करना चाहता था पर मैंने खुद उनसे पूछा कि मुझे यह फिल्म करना चाहिए या नहीं ? उन्होंने कहा कि रोल इतना अमेजिंग नहीं है कि लोग याद रखें तो कोई बात नहीं.. हम फिर कभी साथ काम कर लेंगे।’
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म एनिमल बॉक्स ऑफिस पर 880.83 करोड़ रुपए वर्ल्ड वाइड कमा चुकी है। यह बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई है।











