यूपी में बाढ़ से मची तबाही तो दिल्ली में बरसात पर लगा ब्रेक, जानिए आज कैसा रहेगा राजस्थान-बिहार का हाल,पढ़िए वेदर अपडेट
देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कुछ राज्यों में बारिश राहत बनकर बरस रही है तो कुछ जगहों पर बरसात आफत बन गई है। दरअसल यूपी के कुछ जिलों में बीते दो-तीन दिनों से हो रही बारिश की वजह बाढ़ जैसे हालात बन गई है। राज्य में बहने वाली कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। वहीं पहाड़ों पर भी बारिश की वजह से जनजीवन काफी प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून जाते-जाते भी देशभर पर अपना असर छोड़ रहा है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा दिल्ली समेत देशभर का मौसम
दिल्ली में आज नहीं होगी बारिश
दिल्ली में बीते कुछ दिनों तक काफी अच्छी बारिश हुई है। जिसकी वजह से मौसम कूल-कूल हो गया है। अब दिल्ली -NCR से भी मॉनसून की विदाई का वक्त हो गया है तो राजधानी में भी बारिश कम हो गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज दिल्ली में बादल छाए रहेंगे लेकिन उनके बरसने की कोई उम्मीद नहीं है। बादलों के छाने और ठंडी हवाओं के चलने से राजधानी से गर्मी दूर रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना है।
यूपी-बिहार का आज कैसा रहेगा हाल
यूपी-बिहार दोनों ही राज्यों में आज बारिश होने की प्रबल संभावना है। यूपी के कई जिले तो पहले ही भारी बारिश की वजह से बुरी तरह से प्रभावित हो गए हैं। दरअसल यागी के असर की वजह से हुई बारिश ने कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। राज्य की नहरें और नदियां दोनों ही उफान पर बह रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। अगर बिहार के मौसम पर नजर डालें तो आज ही नहीं अगले दो दिनों तक राज्य के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक उत्तर बिहार में पछिया हवा और उसके बाद पुरवा हवा चलने का अनुमान है। जिसकी वजह से राज्य के मौसम का मिजाज फिर से बदल सकता है।











