बेंगलुरु की एक स्टार्टअप कंपनी की CEO सूचना सेठ (39) ने गोवा के होटल में अपने 4 साल के बेटे की हत्या कर दी। बेटे का शव बैग में भरा और टैक्सी से बेंगलुरु चली गई। होटल स्टाफ ने खून से सना तौलिया देखा तो गोवा पुलिस को जानकारी दी।
गोवा पुलिस ने कर्नाटक पुलिस से संपर्क किया और आरोपी महिला को सोमवार रात चित्रदुर्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार सुबह महिला को गोवा लाया गया और मापुसा शहर की एक कोर्ट न में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 6 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी महिला का पति वेंकट रमन जकार्ता (इंडोनेशिया) से चित्रदुर्ग आया। उसकी सहमति के बाद बेटे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। वह केरल के रहने वाले हैं।
निधिन वलसन ने बताया कि आरोपी महिला सूचना सेठ और उनके पति वेंकट रमन पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। दोनों ने तलाक की अर्जी दी हुई। दोनों की शादी 2010 में हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में कोर्ट ने एक आदेश दिया था, जिसमें बेटे और पिता को हर रविवार को मिलने की अनुमति दी गई थी। इस वजह से महिला परेशान थी।
कर्नाटक के हिरियूर अस्पताल के डॉ. कुमार नाइक ने मंगलवार रात को बताया कि हत्या 36 घंटे पहले हुई थी। दम घुटने के कारण बच्चे का चेहरा और छाती सूज गई थी। नाक से भी खून बह रहा था। हो सकता है कि तकिया या टॉवेल से उसका मुंह दबाया गया हो।
मर्डर की असल वजह अभी पता नहीं
महिला की पहचान 39 साल की सूचना सेठ के रूप में की गई है। वह स्टार्टअप कंपनी माइंडफुल AI लैब की फाउंडर और CEO है। सूचना 6 जनवरी को गोवा के सोल बनयान ग्रांडे होटल में अपने बेटे के साथ आई थी। सोमवार (8 जनवरी) को उसने होटल से चेक-आउट किया था।
सूचना ने बेटे का मर्डर क्यों किया, पुलिस ने इसकी वजह नहीं बताई है। सूचना ने पुलिस को ये बताया है कि वह पति से अलग रह रही थी और उनके तलाक की प्रक्रिया चल रही थी। सूचना मूल रूप से पश्चिम बंगाल की निवासी है। वह बेंगलुरु में रहती थी।
मामले का खुलासा कैसे हुआ?
गोवा पुलिस के मुताबिक, सोमवार को होटल की तरफ से उन्हें घटना की जानकारी मिली। दरअसल, जब होटल का एक स्टाफ रूम में सफाई करने पहुंचा तो उसने वहां टॉवेल में खून के धब्बे देखे। स्टाफ ने होटल मैनेजमेंट को इसकी सूचना दी। इसके बाद गोवा पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस ने CCTV चेक किया, जिसमें सूचना अपने बेटे के साथ होटल में आती दिखती है। हालांकि चेक आउट के वक्त वह अकेली थी। इसके बाद गोवा पुलिस हरकत में आई। उसने कर्नाटक पुलिस को जानकारी दी और महिला को चित्रदुर्ग से गिरफ्तार कर लिया गया।
टैक्सी से जाने की जिद से शक और बढ़ा
होटल के स्टाफ ने पुलिस को बताया कि सोमवार को महिला अपने कमरे से अकेले बाहर निकली और बेंगलुरु के लिए टैक्सी बुक करने को कहा। स्टाफ ने महिला से कहा कि कैब का किराया ज्यादा होगा। उसने सूचना को फ्लाइट से बेंगलुरु जाने की सलाह दी। हालांकि वह टैक्सी से ही जाने की जिद कर रही थी। स्टाफ ने टैक्सी बुलाई, जिससे सूचना अपना सामान लेकर बेंगलुरु के लिए गई।
गोवा पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर से संपर्क किया, फिर सूचना तक पहुंची
गोवा पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर को फोन किया और सूचना से बात करवाने को कहा। पुलिस ने सूचना से उसके बेटे के बारे में पूछा। सूचना ने दावा किया कि उसका बेटा गोवा के फतोर्डा में एक रिश्तेदार के घर पर है। सूचना ने एक पता भी बताया, जो फर्जी निकला।
इसके बाद गोवा पुलिस का शक और पक्का हो गया। पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर को तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन जाने के लिए कहा। टैक्सी ड्राइवर सूचना को लेकर कर्नाटक के चित्रदुर्ग पुलिस स्टेशन पहुंचा। वहां उसके बैग में बच्चे का शव मिला। इसके बाद कर्नाटक पुलिस ने सूचना को हिरासत में ले लिया।
तलाक के बाद पति का बच्चे से मिलना मंजूर नहीं था
पुलिस के मुताबिक, सूचना सेठ की 2010 में वेंकट रमन से शादी हुई थी। वेंकट रमन एक AI डेवलपर हैं। 2019 में सूचना ने एक बेटे को जन्म दिया। हालांकि 2020 से सूचना और उसके पति के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों ने तलाक ले लिया।
कोर्ट ने आदेश दिया था कि सूचना के पति अपने बच्चे से हर रविवार को मिल सकते हैं। हालांकि सूचना नहीं चाहती थी कि उसका पति बेटे से मिले। इस कारण उसने अपने बेटे की हत्या का प्लान बनाया था।
सूचना AI एथिक्स लिस्ट में 100 प्रतिभाशाली महिलाओं में शामिल
सूचना सेठ की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एथिक्स एक्सपर्ट और डेटा साइंटिस्ट हैं। उसके पास डेटा साइंस और AI में काम करने का 12 साल का अनुभव है।
सूचना साल 2021 में AI एथिक्स लिस्ट में 100 प्रतिभाशाली महिलाओं की लिस्ट में शामिल थी। इसके अलावा वह डेटा एंड सोसाइटी में मोजिला फेलो, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के बर्कमैन क्लेन सेंटर में फेलो और रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट में रिसर्च फेलो रह चुकी है।
सूचना की कंपनी द माइंडफुल AI लैब की वेबसाइट के अनुसार, इस कंपनी के पास AI एथिक्स, मशीन लर्निंग सिस्टम के डेवलपमेंट और स्केलिंग की एक्सपर्टीज है। यह कंपनी डेटा साइंस प्रोजेक्ट लाइफ साइकिल और रियल वर्ल्ड में AI सिस्टम को तैनात करने की चुनौतियों को समझती है।











