हरगीत सिंह ने बेटे गुरुचरण सिंह के बारे में एक इंटरव्यू में खुलकर बात की, और बताया कि गुरुचरण अभी बीमार हैं और उनका इलाज चल रहा है। हरगीत सिंह ने कहा कि जब से Gurucharan Singh घर वापस लौटे हैं, उनकी तबीयत सुधरने लगी है। हालांकि खुद गुरुचरण सिंह बीमार हैं।
बीमार गुरुचरण सिंह को लेकर टेंशन में पिता, बोले- उसके पास मोबाइल नहीं है, नंबर भी स्विच ऑफ कर रखा है
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के मिस्टर सोढ़ी यानी गुरुचरण सिंह जब 25 दिन लापता रहने के बाद घर लौटे, तो पिता की खुशी का ठिकाना नहीं था। लगा था जैसे उन्हें नया जन्म मिल गया है। एक्टर 22 अप्रैल से लापता था और फिर 18 मई को घर वापस लौटे थे। गुरुचरण सिंह के पिता बेहद खुश हैं, पर उन्हें बेटे की चिंता खाए जा रही है। पिता ने यह भी बताया कि गुरुचरण साथ में मोबाइल फोन नहीं रखते और नंबर भी बंद किया हुआ है।
बीमार हैं गुरुचरण, ठीक होने की स्पीड बहुत स्लो
हरगीत सिंह के मुताबिक, गुरुचरण सिंह जिस दिन घर वापस लौटे तो काफी कमजोर दिख रहे थे। अभी उनका इलाज चल रहा है पर तबीयत में जल्द सुधार होता नहीं दिख रहा। हरगीत सिंह को इसी की चिंता रहती है।
'आध्यात्मिक सफर के बारे में मुझे कुछ नहीं बताया'
गुरुचरण सिंह जब वापस लौटे तो उन्होंने पुलिस को बताया था कि वह आध्यात्मिक सफर पर निकले थे। पर इस बारे में पिता हरगीत सिंह को कोई जानकारी नहीं। उन्होंने कहा कि बेटे से उनकी ज्यादा बात नहीं हुई। वह मां से ज्यादा बात करते हैं। हो सकता है कि मां को इस बारे में कुछ बताया हो। पर हरगीत सिंह ने साफ कहा कि गुरुचरण ने उनसे अपने आध्यात्मिक सफर को लेकर कुछ नहीं कहा।











