फरहान अख्‍तर ने रणवीर सिंह पर कसा तंज, बातों-बातों में निकली टीस, 'पैटर्न' की बात सुन गूंजे ठहाके

फरहान अख्‍तर ने रणवीर सिंह पर कसा तंज, बातों-बातों में निकली टीस, 'पैटर्न' की बात सुन गूंजे ठहाके
रणवीर सिंह के 'डॉन 3' छोड़ने का दर्द ऐसा है, जो गाहे-बगाहे फरहान अख्तर की जुबान पर आ ही जाता है। ठीक 3 साल पहले अगस्‍त 2023 में रणवीर सिंह की कास्‍ट‍िंग के साथ फिल्‍म का ऐलान किया गया था। एक टाइटल प्रोमो भी जारी किया गया, लेकिन फिर रणवीर सिंह ने फिल्‍म छोड़ दी। यह विवाद 2025 में तब शुरू हुआ जब खबर आई कि रणवीर ने प्रोजेक्ट से किनारा कर लिया है, जबकि शूटिंग शुरू होने में बस कुछ ही हफ्ते बचे थे। फरहान और रणवीर के बीच विवाद इतना बढ़ा कि फिल्‍म फेडरेशन को बीच में आना पड़ा। अब 'दिल चाहता है' के 25 साल पूरे होने पर फरहान ने एक बार फिर बिना नाम लिए रणवीर सिंह पर तंज कसा है। एक इंटरव्‍यू के दौरान फरहान ने मजाक-मजाक में ऐसी बात कही कि उनसे बात कर रहीं अनुपमा चोपड़ा की हंसी छूट गई।

फरहान और अनुपमा 'द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' के लिए बातचीत कर रहे थे। बात 'दिल चाहता है' को लेकर हो रही थी। फरहान फिल्‍म में सैफ अली खान, आमिर खान और अक्षय खन्‍ना के साथ काम करने, डेट्स मिलने की मुश्‍क‍िलों पर चर्चा कर रहे थे। एक्‍टर-फिल्‍ममेकर ने खुलासा किया कि सैफ अली खान इस फिल्‍म की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले लगभग इस प्रोजेक्ट से बाहर हो गए थे।

फरहान अख्‍तर ने बताया- फिल्‍म छोड़ने वाले थे सैफ अली खान

फरहान ने कहा, 'सैफ को अचानक एक दूसरी फिल्म के लिए डेट्स की समस्या हो गई, जो उन्हें करनी थी। डेट्स बदल गईं और वह उस फिल्म को लेकर दुविधा में थे। इसलिए वह मुश्किल स्थिति में थे और उन्हें फिल्म छोड़ने का फैसला किया। सबने उन्हें मनाने की कोशिश की कि 'यार, प्लीज़।' और मेरे लिए, मेरा तो दिमाग ही खराब हो गया था, क्योंकि जब हम मिले, हमने काम शुरू किया, तो उस रोल को कोई उनसे बेहतर नहीं निभा सकता था। यह लगभलग नामुमकिन था।'

रणवीर सिंह पर कसा तंज- आजकल पैटर्न बन गया है!

यहीं पर फरहान ने बिना रणवीर सिंह का नाम लिए तंज कसा। उन्‍होंने फिल्म बनने के दौरान ऐसी अनिश्चितताओं की बात करते हुए कहा, 'तो यह मेरे लिए बहुत दुखद था। शायद शूटिंग में दस दिन नहीं, बल्कि एक महीना बचा था, जो आजकल 'एक पैटर्न' बन गया है।' इतना कहते ही फरहान मुस्कुराने लगे और एक कुछ सेकेंड के लिए रुक गए। फिर कहा, 'सिर्फ मेरे साथ ही नहीं। ऐसा भी होता है। है ना?'

फरहान की बात लगे ठहाके, 'डॉन 3' पर काम जारी

फरहान के ऐसा कहने पर विधु विनोद चोपड़ा की पत्‍नी अनुपमा चोपड़ा जोर-जोर से हंसने लगीं। हालांकि, उन्‍होंने यह भी कहा कि उन्‍हें इस तरह से नहीं हंसना चाहिए था। फरहान अख्‍तर ने बीते दिनों 'डॉन 3' विवाद पर खुलकर बात की थी। साथ ही यह भी कहा था कि यह फिल्‍म उनके दिल के बेहद करीब है और वह इसे जरूर बनाएंगे। तब उन्‍होंने कहा था, 'मैंने यही सीखा है कि फिल्‍म बनाते समय अप्रत्याशित की उम्मीद करें। जब तक कोई चीज फ‍िल्म में न आ जाए, आप किसी भी चीज को पक्का नहीं मान सकते। आपको किसी न किसी मोड़ पर एहसास होता है कि एक ऐसा दौर आएगा जो थोड़ा मुश्किल होगा। अब तक सब अच्छा रहा है। ठीक है, बस इसे सहजता से लें। मैंने अपने से पहले आए लोगों के अनुभवों से बहुत कुछ सीखा है।'

रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' क्‍यों छोड़ा?

'डॉन 3' विवाद में FWICE से लेकर 'प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया' ने रणवीर और फरहान के बीच मध्यस्थता की कोश‍िश की थी। तब इसको लेकर कुछ अहम वजहें सामने आईं। पहली वजह यह थी कि रणवीर सिंह को स्क्रिप्ट का अंतिम ड्राफ्ट पसंद नहीं आया। हालांकि, यह ड्राफ्ट उन्हें शूटिंग शुरू होने से कई महीने पहले ही भेज दिया गया था। लेकिन दिसंबर 2025 में 'धुरंधर' की रिलीज और ब्‍लॉकबस्‍टर होने के बाद रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' की स्‍क्र‍िप्‍ट में बदलाव की मांग रखी थी।

रणवीर सिंह और फरहान अख्‍तर के बीच क्रिएटिव डिफरेंस

बताया जाता है कि रणवीर सिंह और फरहान अख्‍तर के बीच 'डॉन' के किरदार को लेकर 'क्रिएटिव डिफरेंस' हुए। 'धुरंधर' बाद रणवीर चाहते थे कि 'डॉन 3' में भी खून-खराबा, हिंसा और गाली वाली भाषा में डायलॉग्‍स जोड़े जाएं। फरहान इसके लिए तैयार नहीं थे। फरहान का तर्क था कि 1978 में आई 'डॉन' और 2006 और 2011 में आई फ्रेंचाइज की फिल्‍मों में लीड किरदार का अपना एक स्‍टाइल है और उसमें गाली या हिंसा की जगह नहीं है।

'डॉन 3' में देरी भी बनी बड़ी वजह

जानकारी के लिए बता दें कि 'डॉन 3' की घोषणा 2023 में हुई थी। इस प्रोजेक्‍ट में इसके बाद काफी देरी हुई। इस बीच रणवीर 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी की शूटिंग में व्यस्त थे, वहीं फरहान अपने म्यूजिकल टूर 'फरहान लाइव' और अपनी फ‍िल्म '120 बहादुर' के लिए ट्रेनिंग और शूटिंग में व्‍यस्‍त रहे। हालांकि, इस बीच रणवीर के साथ 'डॉन 3' की कास्‍ट‍िंग, कॉस्‍ट्यूम सेशन, स्‍क्रीनप्‍ले की तैयारी, इन सब पर काम हुआ था।
Advertisement