सिनवार के लिए मत मरो, सरेंडर करो... हमास के आतंकियों को इजरायल की धमकी, क्या अब रुकेगा युद्ध?

सिनवार के लिए मत मरो, सरेंडर करो... हमास के आतंकियों को इजरायल की धमकी, क्या अब रुकेगा युद्ध?
तेल अवीव: इजरायल और हमास का युद्ध पिछले दो महीने से जारी है। इस बीच इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को सरेंडर करने को कहा है। उन्होंने कहा कि गाजा में आत्मसमर्पण करने वाले और गिरफ्तार हुए सैकड़ों लड़ाकों ने हमास के अंत की शुरुआत को चिह्नित किया है। नेतन्याहू ने आतंकी समूह के लड़ाकों से कहा कि वह याह्या सिनवार के लिए खुद का बलिदान न करें। उन्होंने कहा, 'युद्ध अभी भी जारी है। लेकिन हमास के अंत की शुरुआत हो चुकी है।'

नेतन्याहू ने कहा, 'मैं हमास के आतंकियों से कहना चाहूंगा। अब सबकुछ खत्म हो चुका है। सिनवार के लिए मरने की जरूरत नहीं। सरेंडर कर दो।' उन्होंने आगे कहा, 'पिछले कुछ दिनों में दर्जनों हमास के आतंकियों ने हमारी सेना के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। वे अपने हथियार डाल रहे हैं और खुद को हमारे वीर सैनिकों के हवाले कर रहे हैं।' नेतन्याहू का यह बयान तब आया है जब गाजा की उत्तरी सीमा पर हिंसा बढ़ रही है और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक मजबूत युद्धविराम की मांग की है।

पुतिन-नेतन्याहू की हुई बातचीत

रविवार को नेतन्याहू ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात की। लगभग 50 मिनट तक फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने गाजा से जुड़े अभियान की आवश्यक्ता के बारे में बताया। ऐसी अटकलें बनी हुई हैं कि अमेरिका इस अभियान को जनवरी तक खत्म होते देखना चाहता है। लेकिन इसके बावजूद किसी तरह की कार्रवाई के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की गई है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को कहा कि युद्ध की समयसीमा तय करना इजरायल पर निर्भर है। उन्होंने कहा, 'हर कोई इस अभियान को जल्द से जल्द खत्म होते देखना चाहता है।'

'आम नागरिकों का ख्याल रखे इजरायल'

ब्लिंकन ने आगे कहा कि इजरायल भले ही हमास के हमले के बाद कार्रवाई कर रहा है, फिर भी उसे आम नागरिकों का ख्याल रखना होगा। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दोहा फोरम में कहा कि उनका देश 7 अक्टूबर के हमले की कड़ी निंदा करता है, जिसने गाजा युद्ध को जन्म दिया। लेकिन इसकी सजा लाखों फिलिस्तीनियों को देना सही नहीं ठहराया जा सकता। हमास के मुताबिक इजरायल की कार्रवाई में अब तक 17,000 लोगों की मौत हुई है।

Advertisement