डायरेक्टर राजकुमार हिरानी बोले- ‘डंकी’ रियल लाइफ स्टोरी 'विदेश जाने की जद्दोजहद जिंदगी से जोड़कर दिखाई

डायरेक्टर राजकुमार हिरानी बोले- ‘डंकी’ रियल लाइफ स्टोरी 'विदेश जाने की जद्दोजहद जिंदगी से जोड़कर दिखाई

मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी अपने करियर की छठी फिल्म ‘डंकी’ लेकर आए हैं। शाहरुख खान स्टारर इस फिल्म में हिरानी की छाप साफ झलकती है। यानी नया, अलग और रोचक विषय। हिरानी कहते हैं, ‘कोशिश होती है कि हर बार यूनीक कहानी ढूंढ़ूं। ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ हो या ‘पीके’ या ‘संजू’, सब अलग रहीं। ‘डंकी’ भी अनछुई कहानी है। ऐसी फिल्में स्लो स्टार्ट होती हैं। मुझे याद है ‘थ्री इडियट्स’ स्लो स्टार्ट हुई थी, ‘पीके’ भी स्लो स्टार्ट हुई थी। परिवार धीरे-धीरे आते हैं। ‘डंकी’ देखने भी परिवार पहुंचने लगे हैं।सवाल: मुन्ना भाई से लेकर संजू तक में स्ट्रॉन्ग मैसेज रहा है। डंकी में आप क्या मैसेज दे रहे हैं?

जवाब: कुछ कहानियां बड़ी आबादी पर असर डालती हैं। जैसे ‘थ्री इडियट्स’ में एजुकेशन की बात थी। इस फिल्म में विदेश जाने और वहां की दुश्वारियों का जिक्र है। मुझे लगता है कि ऐसी कहानी भी सुनानी चाहिए। पंजाब की यह कहानी कम लोग जानते होंगे कि उनमें कनाडा, लंदन में बसने का नशा होता है। बेसिक एजुकेशन और बैंक बैलेंस न हो तो वीजा नहीं मिलता इसलिए कई अवैध रूप से जाते हैं। इसमें संदेश देने की कोशिश है कि कोई भी अपना घर, दोस्त, गलियां छोड़कर नहीं जाता। मजबूरी में ही वे लोग ऐसा करते हैं।

सवाल: डंकी में रियल लाइफ के भी उदाहरण हैं?
जवाब: 
पूरी कहानी सच्ची घटनाओं और शोध पर आधारित है। फिल्म के हिसाब से इसे रोचक अंदाज में पेश किया है।

सवाल: विदेश जाने की जद्दोजहद इतना बड़ा मुद्दा है?
जवाब: 
हर साल करीब 10 लाख लोग डंकी रूट, यानी अवैध रूप से विदेश जाते हैं। इस तरीके से बॉर्डर क्रॉस करने में 6-8 महीने लगते हैं। आधे लोग मर जाते हैं। मुझे यह कहानी बड़ी यूनीक लगी। इसे स्टडी करने पंजाब गया। उनकी अंग्रेजी कक्षाओं में बैठा। मुझे लगा कि इसलिए इस मुद्दे को जिंदगी से जोड़कर कहना चाहिए। पिछली फिल्मों से इसका कैनवास बड़ा है। इसलिए ‘संजू’ के करीब चार साल बाद यह फिल्म आ रही है। यह 4 देशों में शूट हुई है।

सवाल: हर बार की तरह ‘डंकी’ में कितनी कॉमेडी है?
जवाब: 
फर्स्ट हाफ में बहुत कॉमेडी है। किस तरह ये अंग्रेजी सीख रहे हैं और एग्जाम देते हैं। पूछा कुछ और जाता है, जवाब कुछ और देते हैं। सेकंड हाफ में कैसे डंकी मरते हैं, उनके साथ बॉर्डर पर क्या-क्या होता है, यह सब है। उन्हें पहुंचने के बाद अहसास होता है कि ये वो जगह है ही नहीं, जो सोचकर आए थे। वे अवैध बनकर रह जाते हैं। जिंदगी वहीं निकल जाती है।

सवाल: शाहरुख हर फिल्म में नया लेवल सेट करते हैं? इस फिल्म में आपने क्या पाया?
जवाब: 
शाहरुख अभी एक्शन फिल्में कर रहे हैं, लेकिन मेरे लिए आज भी लवेबल शाहरुख हैं। यह रोमांटिक स्टोरी है। मुझे फिल्म के लिए परफेक्ट लगे। उनके साथ काम करने में बहुत मजा आया।


Advertisement