सबसे पहले तो बात 'धुरंधर 2' के कलेक्शन की करते हैं। इसे बॉक्स ऑफिस पर 11 हफ्ते बीत चुके हैं और 78 दिनों में इसने देशभर में ₹1,375.11 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और ₹1,149.02 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है। वर्ल्डवाइड ₹1,813.11 करोड़ की ग्रॉस कमाई हुई है। गुरुवार को 78वें दिन भी इसने 174 शोज से कुल ₹7 लाख कमाए। यह दिलचस्प है कि दुनियाभर में 'दंगल' के बाद सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने के बावजूद यह देसी बॉक्स ऑफिस पर 'पुष्पा 2' का बाल बांका नहीं कर सकी। अब इसके पास मौका भी नहीं है, क्योंकि 04 जून को यह Jio Hotstar पर रिलीज हो चुकी है और थिएटर्स में इसका चार्म खत्म होने लगा है।
'पुष्पा 2' को झुका नहीं सकी 'धुरंधर 2'
'धुरंधर 2' बेशक, देश में बॉलीवुड की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई और 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली हिंदी फिल्म रही, पर 'पुष्पा 2' से मात खा गई। दुनियाभर में 'धुरंधर 2' ने 'पुष्पा 2' से लेकर 'बाहुबली 2', KGF 2 और RRR तक को पछाड़ा, पर देश में 'पुष्पा 2' के आगे घुटने टेक दिए। 'पुष्पा 2' बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 65 दिन चली थी और इतने दिनों में इसने देश में ₹1,471.10 करोड़ का ग्रॉस और ₹1,234.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। वहीं, रणवीर सिंह की फिल्म दोनों ही मामलों में इससे पीछे रह गई।'पुष्पा 2' से ज्यादा कमा रही थी 'धुरंधर 2', फिर कहां पिछड़ी?
अब अगर 'धुरंधर 2', 'पुष्पा 2' और 'धुरंधर: पार्ट 1' की कमाई और बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस पर नजर डालें, तो पहले दो हफ्तों में आदित्य धर की 'धुरंधर 2' और 'धुरंधर' ने 'पुष्पा 2' से ज्यादा कमाई की थी। तीसरे हफ्ते से 'पुष्पा 2' की कमाई गिरने लगी थी और इसने 'धुरंधर' के दोनों पार्ट्स से कम कमाई की। रिलीज के 8वें और 9वें हफ्ते में तो 'पुष्पा 2' का बुरा हाल था। जहां तब इसने ₹2.85 और 70 लाख रुपये ही कमाए, तो वहीं 10वें हफ्ते में एकदम गायब ही हो गई। पर 'धुरंधर 2' और 'धुरंधर पार्ट 1' का जलवा जारी रहा। 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर 77 दिन चली और देशभर में ₹840.20 करोड़ का नेट कलेक्शन, जबकि वर्ल्डवाइड ₹1,307.35 करोड़ की कमाई की थी। वहीं, 'धुरंधर 2' 78 दिनों में देश में ₹1,375.11 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और वर्ल्डवाइड ₹1,813.11 करोड़ की ग्रॉस कमाई ही कर पाई है। इतनी कमाई के बावजूद यह 'पुष्पा 2' से पीछे है और उसका रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई, और 'धुरंधर पार्ट 1' भी पीछे रह गई, जिसकी एक वजह यह है कि वह सिर्फ हिंदी में ही रिलीज हुई थी।- पहला कारण है साउथ में इसकी परफॉर्मेंस। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, 'पुष्पा 2' की घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सफलता दो मुख्य कारकों पर आधारित थी। एक तो हिंदी मार्केट से इसे ₹945.75 करोड़ की मोटी कमाई हुई और दूसरा साउथ से भी इसने ₹511.70 करोड़ की भारी कमाई की थी। इसमें अकेले आंध्र प्रदेश/तमिलनाडु से ₹320.23 करोड़ कमाए थे। 'धुरंधर 2' ने हिंदी मार्केट से तो मोटा पैसा कमा लिया, पर साउथ के मार्केट में यह पिछड़ गई।
- एक और वजह ये है कि साउथ में स्थानीय फिल्मों और कलाकारों का ज्यादा दबदबा है। वहां हिंदी में डब फिल्मों को भी कम शोज और लिमिटेड थिएटर्स मिलते हैं, जिसकी वजह साउथ के स्टार्स के लिए वहां के लोगों में तगड़ा क्रेज माना जाता है।
- तीसरी वजह जो मानी जाती है, वो है 'पुष्पा 2' और 'धुरंधर 2' के मास स्टाइल में फर्क। 'पुष्पा 2' में दर्शकों को एक्शन और मास एंटरटेनमेंट के डोज के अलावा अपने कल्चर से जुड़ा म्यूजिक, डांस और स्टाइल देखने को मिला। इससे साउथ की जनता ने रिलेट किया। 'धुरंधर 2' में भी खूब एक्शन दिखा, पर कहानी और म्यूजिक उत्तर भारत पर आधारित है, जिसका साउथ की शैली से कोई कनेक्शन नहीं दिखा। हालांकि, इन वजहों के बावजूद 'धुरंधर 2' ने साउथ के कुछ मल्टीप्लेक्स और मुख्य शहरों में अच्छा परफॉर्म किया था।











