'धुरंधर' के 59 द‍िनों में बिके 4 करोड़ टिकट, आमिर, शाहरुख और सनी देओल को मात, 15 फिल्मों का टूटा गुमान

'धुरंधर' के 59 द‍िनों में बिके 4 करोड़ टिकट, आमिर, शाहरुख और सनी देओल को मात, 15 फिल्मों का टूटा गुमान
आदित्य धर की डायरेक्टेड दूसरी फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर अभी भी अपना परचम लहरा रही है। 250 करोड़ के बजट में बनी ये मूवी सिर्फ हिंदी भाषा में रिलीज हुई और अभी तक ये रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही है। 3 फरवरी को इसके सीक्वल 'धुरंधर 2' का टीजर भी आउट हुआ, जिसको देखकर फैंस में उसके लिए एक अलग एक्साइटमेंट देखने को मिली। इसी बीच पहले पार्ट ने 59 द‍िनों में देशभर में 4 करोड़ फुटफॉल का रिकॉर्ड बना लिया। यानी इसे 40 मिलियन लोग थ‍िएटर में फ‍िल्‍म देखने पहुंचे। 'धुरंधर' अब भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे अध‍िक फुटफॉल दर्ज करने वाली फिल्मों की ल‍िस्‍ट में शामिल हो गई है। अब यह फ‍िल्‍म OTT प्‍लेटफॉर्म नेटफ्ल‍िक्‍स पर भी स्‍ट्रीम हो रही है।

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' 5 दिसंबर, 2025 को रिलीज हुई थी। इस मूवी ने ओपनिंग डे पर 28 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था और उसके बाद इसने 30 दिनों तक डबल डिजिट में कमाई की थी और ऐसा करने वाली ये सिंगल भाषा की इकलौती फिल्म बन गई थी, जिसने बिना पैन इंडिया रिलीज के सबसे ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन किया था। इसने 59 द‍िनों में वर्ल्डवाइड 1303 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की है। इसमें ओवरसीज 299 करोड़ रुपये और भारत में 1004 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन है। देश में इसने 836.95 करोड़ रुपये का नेट कलेक्‍शन क‍िया है।

'धुरंधर' का फुटफॉल

ट्रेड इंसाइडर्स का अनुमान है कि रणवीर सिंह स्टारर फिल्म को भारत में अब तक 4 करोड़ लोग देखने पहुंचे हैं। इसका फुटफॉल 40 मिलियिन दर्ज किया गया है, जिससे 24 साल में ऐसा करने वाली ये पहली फिल्म बन गई है। इसके पहले सनी देओल की 2001 में आई 'गदर: एक प्रेम कथा' ने किया था, जिसका फुटफॉल 5 करोड़ था।

'धुरंधर' नहीं तोड़ सकी इन 4 फिल्मों का रिकॉर्ड

'धुरंधर' ने भारत में 4 करोड़ दर्शकों का आंकड़ा पार करने वाली 19वीं भारतीय फिल्म बन गई है। टॉप-4 फिल्मों में 'शोले', 'बाहुबली 2', 'मुगल-ए-आजम' और 'मदर इंडिया' शामिल है, जिसने 10 करोड़ टिकट बेचे हैं। और आदित्य धर की फिल्म ये आंकड़ा पार नहीं कर सकी। हालांकि दूसरी बड़ी फिल्मों को मात जरूर दी है।

Advertisement