रायगढ़ । दो दिवसीय रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के प्रवास पर आए भाजपा के प्रदेश सहप्रभारी बिहार में भाजपा के विधायक नितिन नवीन प्रत्येक विधानसभा में पहुंचकर मोदी सरकार के 9 वर्षों का लेखाजोखा रख रहे हैं।
सारंगढ, सरिया, रायगढ़ में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद तमनार मंगल भवन में आयोजित विशाल लाभार्थी सम्मेलन में शामिल हुए। जैसे ही नितिन नवीन तमनार तमनार पहुंचे तो वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी एवं गगनभेदी नारों के साथ उनका स्वागत अभिनंदन किया। कीर्तन दलों के मधुर भजनों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आतिथ्य परंपरा का दायित्व निभाया, सभा स्थल में पहुंचकर अतिथियों ने भारत माता के तैलीय चित्र पर पूजा अर्चना करके कार्यक्रम की शुरुवात की।
सभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे हमारे मोदी सरकार के माध्यम से लाभान्वित लाभार्थियों का सम्मान करने का अवसर मिल रहा है। आप सभी लाभार्थियों के आशीर्वाद की ताकत से ही मोदी देश की सेवा में दृढ़ता के साथ लगे हुए हैं।आप सभी का विश्वास उन्हें राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। कितनी शर्म की बात है देश के आजादी के 70 वर्ष बाद भी हमारे देश की माताओं बहनों को खुले में शौच जाना पड़ता था, देश में लगातार कांग्रेस की सरकार रही पर इस दिशा में उन्होंने कोई काम नहीं किया।महिलाओं के सुरक्षा एवं सम्मान की किसी ने चिंता की तो वो केंद्र की मोदी सरकार ने की। 13 करोड़ शौचालय का निर्माण इस बात की साक्षी है कि मातृशक्ति के सम्मान में मोदी की कसर नहीं छोड़ रहे। माताओं एवं बहनों के दर्द को समझने वाला हमारा प्रधान सेवक मोदी ही है। महिलाओं को गृहलक्ष्मी का दर्जा दिया गया है, पर कहने मात्र से नहीं हो जाता, मोदी ने पूरे देश में 44 करोड़ जनधन के खाते खुलवाए जिनमें 70 प्रतिशत खाते महिलाओं के नाम से खोले गए हैं। गृहलक्ष्मी लोगों के नाम से ज्यादा खाता खोले गए हैं।
पूरे देश में 3.5 करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनकर तैयार हैं, भाजपा की सरकार में हमारे प्रदेश में भी 8 लाख गरीबों को आवास दिया गया, परंतु इस योजना में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम नहीं था, सिर्फ इसलिए इस अहंकारी मुख्यमंत्री ने गरीबों के आशियाने नहीं बनने दिए। गरीबों के आशियाने को छीनने का कार्य यदि किसी ने किया है तो वो भूपेश बघेल है। आखिर जिसका पिता रावण की पूजा करता हो, उसका पुत्र का अहंकारी होना तो जायज ही है। अपने उद्बोधन के अंत में नितिन नवीन ने पूरे विधानसभा के कार्यकर्ताओं का आभार माना जिन्होंने इतने विशाल लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि आज हम सभी यहां नितिन नवीन को सुनने बैठे हैं, बिहार से चलकर हमारे प्रदेश के कोने कोने में जाकर पूरे समर्पण के साथ भाजपा की सरकार प्रदेश में आए एवं लोकसभा में पुनः जनता जनार्दन का आशीर्वाद हमें प्राप्त हो इसके लिए नितिन नवीन पूरे मनोयोग से कार्य कर रहें हैं। मोदी गरीब के घर में पैदा हुए, इसीलिए उन्हें गरीबों की चिंता रहती है। इसी चिंता के कारण उन्होंने गरीबों के लिए पक्का आवास का स्वप्न देखा जो पूरा भी हो रहा है, परंतु 16 लाख लोगों का आवास छीनने का कार्य भूपेश बघेल कर रहा है।
मैं आज सभा में पूरे विश्वाश के साथ कहता हूं की आप आगामी चुनाव में भाजपा की सरकार प्रदेश में बनाइए हर गरीब का घर बनाना यह भाजपा कार्यकर्ताओं की जवाबदारी है। मैं आज ऐलान करता हूं की भाजपा का मुख्यमंत्री तभी अपने आवास में जाएगा जब वो प्रधानमंत्री आवास के फाइल ने दस्तखत कर देगा। आज हमारा तमनार ओद्योगिक क्षेत्र बन गया है, भूपेश बघेल ने वादा किया था की 2013 के बाद जितने भी अधिग्रहण हुए हैं, उसमें वो सभी को 4 गुना मुआवजा दिलाएगा। सरकार बनी भी अब जाने वाली भी है, पर भूपेश को अपने वादे का याद नहीं बल्कि जमीन का 30 प्रतिशत रेट कम करके और नुकसान लोगों का करवा दिया। हमारी सरकार बनते ही इस दिशा में सार्थक कार्य किया जाएगा।उन्होंने लैलूंगा विधानसभा के पूर्व विधायक , पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया के कार्यकाल में शुरू हुई गरीबों के लिए 1 रुपए किलो चावल योजना का जिक्र भी किया और उनके इस नेक कार्य के लिए उन्हें बधाई भी दी।
सम्मेलन की प्रस्तावना रखते हुए सत्यानंद राठिया ने कहा की यहां की जनता ने हमे 15 वर्षों तक उनकी सेवा करने का अवसर प्रदान किया और हमने पूरी निष्ठा के साथ क्षेत्र का विकास किया, लेकिन जब से कांग्रेस की सरकार आई है तब से यहां विकास की गति शून्य है, क्षेत्रीय विधायक चक्रधर सिंह सिदार की निष्क्रियता के कारण आज हमारा लैलूंगा विकास के नक्शे से ही गायब हो गया।











