जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ देश के 17 राज्यों में सोमवार (15 जनवरी) की सुबह कोहरे के साथ हुई। दिल्ली में आज सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, तापमान 3.1°C दर्ज किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोहरे के कारण दिल्ली में 168 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हुईं, 84 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई। 10 फ्लाइट के रूट बदलकर जयपुर, गोवा डाइवर्ट किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को एडवाइजरी जारी कर एयरलाइन कंपनी से उनकी फ्लाइट के बारे लगातार अपडेट लेते रहने का कहा है।
इधर, दिल्ली आने वालीं 18 ट्रेन देरी से चल रही हैं। राजधानी में आज से स्कूल फिर खुले, लेकिन इनका समय सुबह 9 बजे रखा गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 20 जनवरी तक कड़ाके की ठंड नहीं पड़ेगी। उत्तर भारत में 16 जनवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। इसका असर 18 जनवरी तक रहने का अनुमान है। डिस्टरबेंस के गुजरने के बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा।
उत्तर प्रदेश के 32 जिलों में कोहरा और 25 जिलों में शीतलहर का असर है। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 जनवरी के बाद कोहरे में कमी का अनुमान है। मेरठ में मिनिमम टेम्परेचर 2.9°C रिकॉर्ड किया गया।
इधर, बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 38 जिलों में शीतलहर का असर है, जो 16 जनवरी तक बना रहेगा। पटना में 16 जनवरी तक 8वीं तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
आज देश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 जनवरी यानी आज 17 राज्यों में कोहरे का अलर्ट है। 4 राज्यों में कोहरे का रेड अलर्ट है, जिनमें पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और यूपी शामिल हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर के अलावा 6 पूर्वोत्तर राज्य शामिल हैं।
इस सीजन में पहली बार 14 जनवरी को दिल्ली के पालम, सफदरजंग, राजस्थान के श्रीगंगानगर, पंजाब के पटियाला, हरियाणा के अंबाला, चंडीगढ़, यूपी के बरेली, लखनऊ, बहराइच, वाराणसी, प्रयागराज और असम के तेजपुर में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई थी।
तीखी सर्दी से बने हालात की 5 तस्वीरें
मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें
- ट्रैफिक - कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधानी रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चेक कर लें।
- हेल्थ - जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।











