पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 20 वर्षीय ब्रिटिश सिख महिला ने शिकायत की थी कि इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र के सैंडवेल इलाके में ओल्डबरी की टेम रोड पर उसपर यौन हमला किया गया। बताया जा रहा है कि दो गोरे पुरुष संदिग्धों ने महिला को निशाना बनाया और हमले के दौरान ‘नस्लवादी टिप्पणी’ की।
पुलिस कर रही हमलावरों की तलाश
वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया, 'एक महिला ने हमें बताया कि ओल्डबरी में उससे दुष्कर्म किया गया था, जिसे हम नस्ली रूप से उकसाने वाला हमला मान रहे हैं, जिसके बाद हम इसकी जांच कर रहे हैं।' पुलिस ने बताया कि वे इलाके में उन सभी लोगों से बात करना चाहते हैं जिन्होंने दोनों संदिग्धों को देखा हो। सैंडवेल पुलिस की चीफ सुप्रीटेंडेंट किम मैडिल ने कहा, 'हम आरोपियों की पहचान करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। सीसीटीवी, फोरेंसिक और अन्य जांच की जा रही है।'उन्होंने कहा, 'हम इस घटना से उपजे आक्रोष और चिंता को पूरी तरह समझते हैं। मैं आज समुदाय के लोगों से बात करके उन्हें आश्वस्त कर रही हूं कि हम ज़िम्मेदार लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ़्तार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्लभ हैं, लेकिन लोग इस क्षेत्र में अतिरिक्त गश्त की उम्मीद कर सकते हैं।'











