गया जिले में राजस्व को लेकर डिविजनल कमिश्नर की बड़ी बैठक, जानिए क्या दिए गए निर्देश
गया: मगध प्रमंडल आयुक्त मयंक वरवड़े की अध्यक्षता में प्रमंडलीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मगध प्रमंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी मौजूद थे। बाकी अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक समीक्षा बैठक की गई तथा महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सर्वप्रथम राजस्व संबंधी विषयों की समीक्षा की गई, जिसमें वाणिज्यकर प्रक्षेत्र में बताया गया कि वार्षिक लक्ष्य 2023-2024 में माह मई 2023 तक गया जिला का लक्ष्य के विरुद्ध 14.84%, औरंगाबाद जिला का 14.19%, नवादा जिला का 14.56% तथा जहानाबाद एवं अरवल जिला का 14.89% की उपलब्धि प्राप्त है। ऑनलाइन दाखिल खारिज की समीक्षा में बताया गया कि प्राप्त आवेदनों के विरुद्ध गया में 86.92%, औरंगाबाद में 93.16%, नवादा में 92.85%, जहानाबाद में 93.08% एवं अरवल जिले में 89.42 प्रतिशत प्राप्त आवेदनों के विरुद्ध उपलब्धि प्राप्त की गई है।











