साउथ की 10 फिल्मों पर 2750 करोड़ का दांव 2024 में 11 साउथ सुपरस्टार्स की फिल्में आएंगी, ‘पुष्पा 2’ से टकराएगी ‘सिंघम अगेन’

साउथ की 10 फिल्मों पर 2750 करोड़ का दांव 2024 में 11 साउथ सुपरस्टार्स की फिल्में आएंगी, ‘पुष्पा 2’ से टकराएगी ‘सिंघम अगेन’

कोरोना काल के बाद साउथ इंडियन फिल्मों का जबरदस्त क्रेज है। पिछले दो सालों में कई बड़े साउथ स्टार्स की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है। इस साल भी बॉक्स ऑफिस पर साउथ का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है।

एक ओर जहां बॉलीवुड के तीनों खान की 2024 में कोई फिल्म नहीं आएगी। वहीं, साउथ के लगभग हर बड़े स्टार की फिल्में इस साल रिलीज होंगी। इनमें प्रभास, अल्लू अर्जुन, अजीत, कमल हासन, रजनीकांत, राम चरण तेजा, चियान विक्रम, मोहनलाल, जूनियर NTR, थलपति विजय, महेश बाबू जैसे 11 सुपरस्टार्स के नाम शामिल हैं।

2024 में अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा’ और कमल हासन की ‘इंडियन’ जैसी फिल्मों के सीक्वल तो कांतारा के प्रीक्वल कांतारा चैप्टर 1 पर नजर रहेगी। साउथ की टॉप 10 फिल्मों पर ही 2024 में तकरीबन 2750 करोड़ का दांव बॉक्स ऑफिस पर लगा है।

10 फिल्मों पर लगा 2750 करोड़ का दांव

साउथ की दस बड़ी फिल्में 2024 में रिलीज होंगी। इनमें प्रभास, ऋषभ शेट्टी, अल्लू अर्जुन, रजनीकांत, जूनियर NTR, सूर्या, राम चरण तेजा, कमल हासन, धनुष जैसे बड़े स्टार्स से शामिल हैं। इन फिल्मों के बजट पर नजर डाली जाए तो दस फिल्मों पर ही फिल्म मेकर्स के तकरीबन 2750 करोड़ रुपए दांव पर लगे हैं।

सबसे महंगी फिल्म 'कल्कि 2898 AD' में दिखेंगे प्रभास

बजट के लिहाज से देखें तो सबसे बड़ा दांव कल्कि 2898 AD पर लगा है जिसको तेलुगु सिनेमा के जाने-माने डायरेक्टर नाग अश्विन ने बनाया है। इस पैन इंडियन फिल्म में प्रभास के साथ दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन भी दिखेंगे।

फिल्म की रिलीज डेट अभी कन्फर्म नहीं है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे अप्रैल, 2024 में रिलीज किया जा सकता है। पहले इसे 24 जनवरी को रिलीज किया जाने वाला था, लेकिन फिर इसे पोस्टपोन कर दिया गया।

प्रभास के लिए ये फिल्म काफी अहम साबित होने वाली है क्योंकि पिछले साल उनकी फिल्म आदिपुरुष भी 600 करोड़ के बजट में बनी थी, लेकिन ये फ्लॉप साबित हुई थी। वहीं सलार 590 करोड़ का बिजनेस करने में कामयाब हुई थी।

कल्कि 2898 AD की बात करें तो नाग अश्विन के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में भगवान विष्णु का कल्कि अवतार दिखाने की कोशिश की गई है। पिछले साल रिलीज हुए टीजर में दिखाया गया था कि कैसे दुनिया भर में चारों तरफ अंधेरे का राज कायम हो गया है।

लोगों को कैद कर लिया गया है। बच्चे और बूढ़ों को भूखा रखा जा रहा है। लोगों के पास पीने को पानी नहीं है। लोगों को दिनदहाड़े मौत के घाट उतारा जा रहा है। इस बीच एक शख्स के हाथ में हनुमान जी की छोटी सी मूर्ति दिखाई देती है। लोग जैसे ही भगवान को याद करते हैं, प्रभास मसीहा बन उनकी मदद करने हाजिर हो जाते हैं।

2024 में दो सीक्वल, एक प्रीक्वल पर रहेगी नजर

इस साल रिलीज होने वाली बड़ी साउथ फिल्मों में पुष्पा 2 भी है। 350 करोड़ के बजट में बनी अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना स्टारर ये फिल्म 15 अगस्त 2024 को रिलीज होगी। ये 2021 में आई फिल्म पुष्पा का सीक्वल है जिसने बॉक्सऑफिस पर 373 करोड़ की कमाई की थी।

फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज था और कोरोना काल के बाद दर्शकों को थिएटर में खींचने में ये फिल्म कामयाब रही थी। इसके गाने ओ अंटावा, सामी जैसे गाने हिट रहे थे। वहीं मैं झुकेगा नहीं साला जैसे डायलॉग भी काफी पसंद किए गए थे।

15 अगस्त को रिलीज होने पर ‘पुष्पा 2’ का बॉक्सऑफिस क्लैश अजय देवगन, अक्षय कुमार की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ से होगा। इस मल्टीस्टारर फिल्म में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, करीना कपूर खान जैसे स्टार्स भी नजर आएंगे। फिल्म के डायरेक्टर रोहित शेट्टी हैं।

कांतारा 2 का बजट 7-8 गुना बढ़ा

ऋषभ शेट्टी की 2022 में रिलीज हुई फिल्म कांतारा का प्रीक्वल 'कांतारा चैप्टर 1' भी 2024 में रिलीज होगा हालांकि अभी इसकी रिलीज डेट फाइनल नहीं है। इसका बजट करीब 150 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। दिसंबर 2023 में इसका फर्स्ट लुक रिलीज हुआ था। कांतारा चैप्टर 1 में ऋषभ और सप्तमी गौड़ा ही लीड रोल में होंगे। इसके अलावा उर्वशी रौतेला और किशोर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।

'कांतारा’ 2022 में देश की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी। यह 'KGF 2' के बाद कन्नड़ सिनेमा की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी थी।

फिल्म का प्रीक्वल पंजुर्ली देव की कहानी पर फोकस्ड होगा। इससे पहले कांतारा में पंजुर्ली और गुलिया नाम के दो देवों का जिक्र किया गया है। फिल्म में कर्नाटक के ग्रामीण इलाकों में मनाई जानी वाली देव कोला की प्रथा को भी दर्शाया गया था।

इंडियन 2 में करप्शन से लड़ते दिखेंगे कमल हासन

1996 में आई ‘इंडियन’ का सीक्वल ‘इंडियन 2’ भी 2024 में रिलीज होगा। फिल्म में कमल हासन का डबल रोल था। एक फ्रीडम फाइटर सेनापति का जो करप्शन के खिलाफ लड़ता है और दूसरा उसी के बेटे का जो करप्ट इंस्पेक्टर रहता है। फिल्म को शंकर ने लिखा और डायरेक्ट किया था।

अब मेकर्स ने इसका सेकेंड पार्ट इंडियन-2 तकरीबन 250 करोड़ रुपए के बजट में बनाया है। इसे भी शंकर ने ही डायरेक्ट किया है।

सूर्या की कंगुवा में होंगे बेहतरीन VFX

तमिल मेगास्टार सूर्या की फिल्म कंगुवा भी 2024 में रिलीज होगी। फिल्म को स्टूडियो ग्रीन के.ई. ज्ञानवेलराजा ने यूवी क्रिएशंस वामसी-प्रमोद के साथ को-प्रोड्यूस किया है। शिवा फिल्म के डायरेक्टर हैं। फिल्म में सूर्या और दिशा पाटनी लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म में जबरदस्त VFX देखने को मिलेंगे।

'गेमचेंजर' में दिखेंगे राम चरण और कियारा

राम चरण और कियारा आडवाणी की पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म का नाम गेमचेंजर है। पहले इसका नाम RC 15 रखा गया था जिसे बाद में बदल दिया गया। ये राम चरण- कियारा की ऑनस्क्रीन दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले दोनों ‘विनया विधेया रमा’ में साथ नजर आ चुके हैं। इस फिल्म के VFX इसका हाईलाइट पॉइंट रहेंगे।

जूनियर NTR की 'देवरा' से साउथ डेब्यू करेंगी जान्हवी

300 करोड़ के बजट में बनी फिल्म देवरा में जूनियर NTR लीड रोल में होंगे। फिल्म के डायरेक्टर कोराताला शिवा हैं। जान्हवी कपूर इस फिल्म से साउथ इंडस्ट्री में अपना डेब्यू करेंगी। वह जूनियर NTR के अपोजिट दिखेंगी।

वेट्टैयान में 33 साल बाद साथ दिखेंगे रजनीकांत-अमिताभ बच्चन

फिल्म 'वेट्टैयान में 33 साल के बाद एक बार फिर साउथ सुपरस्टार रजनीकांत और अमिताभ बच्चन साथ दिखेंगे। ये रजनीकांत के करियर की 170वीं फिल्म होगी। ये फिल्म रियल घटनाओं पर बेस्ड होगी। इस फिल्म में राणा दग्गुबाती भी नजर आएंगे। हालांकि फिल्म के बारे में ज्यादा कुछ अभी रिवील नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स की मानें फिल्म 2024 में रिलीज की जाएगी।

बॉलीवुड में खान तिकड़ी रहेगी बड़े पर्दे से गायब, 11 साउथ सुपरस्टार्स की फिल्में आएंगी

2024 में जहां 11 साउथ सुपरस्टार्स की फिल्में रिलीज होंगी, वहीं बॉलीवुड की बात करें तो खान तिकड़ी की कोई फिल्म रिलीज नहीं होगी।

2023 के सबसे सफल स्टार शाहरुख खान की कोई फिल्म 2024 में रिलीज नहीं होगी। पिछले साल शाहरुख की तीन फिल्में हिट साबित हुई थीं। शाहरुख की दो फिल्मों ने ही बॉक्स-ऑफिस पर 2,193.99 करोड़ का कलेक्शन किया था। 21 दिसंबर,2023 को रिलीज हुई डंकी भी 450 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन करने में कामयाब रही है।

58 साल के सलमान खान की भी 2024 में कोई फिल्म रिलीज नहीं होगी। पिछले साल उनकी 'किसी का भाई किसी की जान' ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 192 करोड़ का कलेक्शन किया था।

वहीं , दिवाली पर रिलीज हुई 'टाइगर 3' 466 करोड़ का कलेक्शन करने में कामयाब रही थी। फिल्म लाल सिंह चड्ढा पिटने के बाद से आमिर खान ब्रेक पर हैं इसलिए उनकी 2024 में भी कोई फिल्म नहीं आएगी।

रणबीर कपूर के फैंस के लिए ये साल निराश करने वाला होगा क्योंकि पिछले साल तू झूठी मैं मक्कार और एनिमल जैसी हिट फिल्में देने वाले रणबीर की इस साल कोई फिल्म रिलीज नहीं होगी।

अक्षय की 4, अजय देवगन की 6 फिल्में आएंगी

56 साल के अक्षय कुमार की इस साल चार फिल्में रिलीज होंगी जिनमें बड़े मियां छोटे मियां 10 अप्रैल, सिंघम अगेन 15 अगस्त, स्काई फोर्स 2 अक्टूबर और वेलकम टू द जंगल 20 दिसंबर को रिलीज होंगी। अजय देवगन अकेले ऐसे बॉलीवुड स्टार हैं जिनकी इस साल 6 फिल्में रिलीज होंगी।

Advertisement