बेंजामिन नेतन्याहू से i24News के एक इंटरव्यू में पूछा गया था कि वह ग्रेटर इजरायल के विजन पर क्या सोचते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह ग्रेटर इजरायल के विजन से बहुत ज्यादा जुड़ाव महसूस करते हैं। बेंजामिन नेतन्याहू के ग्रेटर इजरायल के विजन से जुड़ाव महसूस करने की बात कहने के बाद बुधवार को कई अरब देशों ने निराशा और गुस्से का इजहार किया है।
अरब दुनिया में गुस्सा
सऊदी अरब, कतर, जॉर्डन, फिलिस्तीनी अथॉरिटी और अरब लीग बेंजामिन नेतन्याहू की टिप्पणी की निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि ये क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता के लिए खतरा हैं। जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह नेतन्याहू की टिप्पणियों की निंदा करता है। इस तरह के बयान बेहद खतरनाक और भड़काऊ हैं।मिस्र के विदेश मंत्रालय ने नेतन्याहू की टिप्पणी पर गुस्सा करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। कतर ने नेतन्याहू की टिप्पणी पर कहा कि इस तरह की अहंकार की भाषा नए संकटों और संघर्षों को बढ़ावा देगी। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है। फिलिस्तीनी प्राधिकरण और अरब लीग ने नेतन्याहू के बयान को अरब देशों की संप्रभुता का उल्लंघन कहा है।











