बॉलीवुड एक्टर आयुष शर्मा ने सलमान खान की बहन अर्पिता खान से शादी की है। अर्पिता को अक्सर अपने लुक्स और वजन के चलते ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। इस बारे में आयुष शर्मा ने पहली बार एक इंटरव्यू में बात की है। आयुष ने कहा कि लोग भले ही अर्पिता को ट्रोल करें लेकिन उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।
एक इंटरव्यू में आयुष ने कहा, 'मेरी पर्सनल लाइफ तब से चर्चा में है जब से मैंने शादी की है। कई लोग अर्पिता के वजन पर कमेंट करते हैं। जो हमारे करीबी हैं, उन्हें पता है कि अर्पिता का पूरा ध्यान केवल हमारे बच्चों आहिल और आयत पर रहता है। उनकी मदद के लिए नेनी या कोई और नहीं है। उन्होंने बच्चों को खुद बड़ा किया है।'
मां बनने के बाद बदल गई हैं अर्पिता
आयुष ने आगे कहा, 'अर्पिता को अच्छी मां बनने का ऑब्सेशन है, सोशलाइट बनने का नहीं। वो दस पार्टियों में नहीं जाती हैं। जो अर्पिता बच्चों के पैदा होने से पहले खूब पार्टी करती थी, वो अब बदल चुकी है। अब वो घर में केवल बच्चों के साथ समय बिताती है, उनका ध्यान रखती है।
अर्पिता कहती हैं-अगर हमारे बच्चे नैनीज के साथ बड़े हो रहे हैं तो उनकी परवरिश कैसी होगी।' आयुष ने कहा कि मैं यहां हूं क्योंकि अर्पिता वहां बच्चों की देखभाल कर रही हैं।
ट्रोलिंग से नहीं पड़ता फर्क
आयुष ने बताया कि अर्पिता को उनके वजन और रंग पर होने वाले कमेंट्स से कोई फर्क नहीं पड़ता है। आयुष बोले, 'उनका एटीट्यूड काबिलेतारीफ है। लोग उनके रंग का मजाक उड़ाते हैं। वो मुझसे कहती हैं-मुझे बचपन से लोग काली-काली कहते हैं, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं कहूंगा कि जिन लोगों को उनके लुक्स और वजन से दिक्कत है, वो उन्हें ना देखें, अर्पिता अपने आपसे खुश हैं और मुझे उन पर गर्व है।'
2014 में हुई थी आयुष-अर्पिता की शादी
आयुष और अर्पिता की शादी हैदराबाद के होटल फलकनुमा में 18 नवंबर 2014 को हुई थी। इस शादी की बागडोर खुद सलमान ने संभाली थी। शादी के बाद मुंबई में एक ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी भी रखी गई थी। अब दोनों दो बच्चों के पेरेंट्स बन चुके हैं। 'लवयात्री' के बाद आयुष सलमान खान के साथ फिल्म ‘अंतिम’ में भी नजर आ चुके हैं।
सलीम खान की गोद ली हुई बेटी हैं अर्पिता
अर्पिता सलीम खान की गोद ली हुई बेटी हैं। वह खान परिवार में तब आईं, जब सलीम खान ने हेलन के साथ दूसरी शादी की थी। हेलन और सलीम खान की कोई संतान नहीं हुई, इसलिए उन्होंने अर्पिता को बचपन में गोद ले लिया था। तब से वे खान परिवार की सदस्य हैं।
खान परिवार के सभी लोग उन्हें काफी प्यार करते हैं। खास तौर पर सलमान उन्हें बेहद प्यार करते हैं। सलमान का मशहूर पनवेल फॉर्म हाउस भी उन्होंने अर्पिता के नाम पर रखा है।











