200 लोगों के सामने अमिताभ बच्चन को पड़ी थी डांट टीनू आनंद के पिता ने कहा था लानत है.. तुम हरिवंशराय बच्चन के बेटे हो

200 लोगों के सामने अमिताभ बच्चन को पड़ी थी डांट टीनू आनंद के पिता ने कहा था लानत है.. तुम हरिवंशराय बच्चन के बेटे हो

एक्टर टीनू आनंद अमिताभ बच्चन की हिट फिल्मों ‘कालिया’ और ‘शहंशाह’ के डायरेक्टर भी रहे हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में टीनू ने फिल्म कालिया से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। टीनू ने अपने पिता राइटर इंदर राज आनंद से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया जिसमें उन्होंने एक ऐसे सीन का जिक्र किया जिसे करने के लिए अमिताभ को काफी स्ट्रगल करना पड़ा था।

इस सीन में अमिताभ ठीक से उर्दू की कुछ लाइनें नहीं बोल पा रहे थे जिसे लेकर टीनू के पिता ने उन्होंने पूरे क्रू के सामने फटकार लगाई थी।

‘पापा ने एक पार्टी सीन में अमिताभ के लिए लिखा था उर्दू डायलॉग’
न्यूज 18 को दिए एक इंटरव्यू में टीनू ने कहा, ‘मेरे पापा को उर्दू की बहुत समझ थी। उस मामले में कोई उनसे विवाद नहीं कर सकता था। उन्होंने फिल्म के एक पार्टी सीन का डायलॉग लिखा था जिसमें प्राण को जवाब देते हुए कालिया बने अमिताभ को कहना था- ‘क्या नजा की तकलीफों में मजा, जब मौत ना आए जवानी में। क्या लुत्फ जनाजा उठने का, हर काम पे जब मातम ना हुआ।’

अमिताभ से बोले पापा- ‘हरिवंश राय बच्चन के बेटे हो तुम’
टीनू ने आगे बताया- ‘वैसे तो पापा कभी सेट पर नहीं आते थे पर जिस दिन यह सीन शूट होना था उस दिन वो आ गए। उन्होंने जब अमिताभ को यह डायलॉग बोलते सुना तो बोले कि बेटा ये उर्दू है इसमें थोड़ा वजन लाओ। पापा ने जैसा बताया अमित ने वैसे ही बोलने की कोशिश की पर उससे नहीं हो रहा था।

अमिताभ ने पापा से कहा- अंकल ये मेरे से नहीं होगा, यह मेरी जुबान नहीं है। इतना सुनकर पापा ने अमिताभ से कहा- ‘लानत है तुमपे। हरिवंश राय बच्चन के बेटे हो तुम। उनकी छांव में पले हो और तुम कह रहे हो के जुबान नहीं है ये तुम्हारी?’

इतना सुनकर अमिताभ सेट से बाहर चले गए: टीनू
टीनू बोले- ‘उस समय सेट पर करीब 200 लोग होंगे पर फिर भी वहां पर पिन ड्रॉप साइलेंस था। अमित ने कहा- अंकल मुझे 10 मिनट दीजिए और वो वहां से चला गया।’ उसके जाते ही मुझे लगा कि मैंने अपना हीरो खो दिया है। मैंने पापा से कहा कि आपने यह क्या किया ? पापा बोले- ‘चिंता मत करो, वो हरिवंश राय बच्चन का बेटा है, भागेगा नहीं।’

इसके बाद मैं बाहर गया तो देखा कि होटल की बालकनी में अमिताभ मेरे असिस्टेंट के साथ खड़े होकर अपनी लाइनों की रिहर्सल कर रहे थे। अमिताभ सेट पर वापस आए और उन्होंने कमाल कर दिया। उनका फाइनल शॉट देखकर पापा ने तालियां बजाईं और आकर उन्हें गले से लगा लिया।’


Advertisement