लागत की आधी ही कमाई कर पाई है अक्षय की 'मिशन रानीगंज', 'फुकरे 3' दे रही जमकर टक्कर

लागत की आधी ही कमाई कर पाई है अक्षय की 'मिशन रानीगंज', 'फुकरे 3' दे रही जमकर टक्कर
सिनेमाघरों में इस वक्त शाहरुख खान की 'जवान' के अलावा कई और फिल्में हैं। कुछ कम बजट की फिल्में भी अच्छा परफॉर्म कर रही है और कई फिल्मों की हालत पस्त है। जहां सनी देओल के बेटे राजवीर देओल की फिल्म 'दोनों' रिलीज होते ही तीन दिनों के भीतर सिनेमा घरों से उतर गई, वहीं अब भूमि पेडनेकर की फिल्म 'थैंक यू फॉर कमिंग' का भी कुछ ऐसा ही हाल है। वहीं 18 दिन पहले रिलीज हुई 'फुकरे 3' और 10 दिन पहले आई अक्षय कुमार की 'मिशन रानीगंज' एक-दूसरे को तगड़ी टक्कर दे रही है। आइए जानते हैं कि इन फिल्मों ने रविवार को कितनी कमाई की है।

18वें दिन वरुण शर्मा, पंकज त्रिपाठी और पुलकित सम्राट की फिल्म 'फुकरे 3' 100 करोड़ के बेहद करीब पहुंच चुकी है। करीब 40 करोड़ से अधिक के बजट में बनी इस फिल्म ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 18दिनों के भीतर 90.64 करोड़ रुपये की कमाई की है। sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, 'फुकरे 3' कौ नैशनल सिनेमा डे पर जबरदस्त फायदा मिला। फिल्म ने 5.1 करोड़ की कमाई शुक्रवार को की जो छठे दिन की कमाई से भी अधिक थी। वहीं रविवार को भी 'फुकरे 3' ने जबरदस्त परफॉर्मेंस दिखाया है और इसने 2.30 करोड़ रुपये की कमाई की है।

'मिशन रानीगंज' सच्ची घटना पर बेस्ड फिल्म

अक्षय कुमार और परिणीती चोपड़ा की फिल्म 'मिशन रानीगंज' सच्ची घटना पर बेस्ड फिल्म है। ये कहानी वेस्ट बंगाल के जांबाज माइनिंग इंजीनियर जसवंत गिल की कहानी है, जिन्होंने रानीगंज के कोयले की खान में जमीन के अंदर फंसे 65 मजदूरों की जान बचाने के लिए खुद की जान की बाजी लगा देते हैं। इस फिल्म में जसवंत गिल की भूमिका में अक्षय सबका दिल जीतते नजर आ रहे हैं।

10 दिनों में 'मिशन रानीगंज' ने 27.93 करोड़ रुपये की कमाई

sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे रविवार को यानी 10वें दिन फिल्म ने 2.75 करोड़ रुपये की कमाई की है। 10 दिनों में इस फिल्म ने 27.93 करोड़ रुपये की कमाई इंडियन बॉक्स ऑफिस पर कर डाली है। हालांकि, इस फिल्म को अभी अपने बजट तक पहुंचने में काफी वक्त है। कहा जा रहा है कि फिल्म 55 करोड़ रुपये की लागत में तैयार हुई है। यानी फिल्म इस वक्त अपनी बजट के लगभग आधी से थोड़ी ही ऊपर पहुंच पाई है।

सबसे बुरा हाल भूमि पेडनेकर की 'थैंक यू फॉर कमिंग' का है

इस वक्त सबसे बुरा हाल भूमि पेडनेकर, डॉली सिंह, शिबानी बेदी, शहनाज गिल, कुशा कपिला, करण कुंद्रा स्टारर फिल्म 'थैंक यू फॉर कमिंग' का है। फिल्म ने रविवार को केवल 48 लाख रुपये की कमाई की है और इसी के साथ कुल 10 दिनों में केवल 6.63 करोड़ रुपये की कमा पाई है। 15 अक्टूबर को 17.21% की ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। सोशल मीडिया पर लगातार इस फिल्म की कहानी के खिलाफ लोग अपनी भड़ास निकालते दिख रहे हैं। फिल्म की कहानी कनिका नाम की लड़की (भूमि पेडनेकर) की है, जो यौन सुख की जद्दोजहद में सही लड़के की तलाश में जुटी हुई है।

Advertisement