आमिर खान की बेटी आइरा खान की शादी की ऑफिशियल डेट सामने आ गई है। 3 जनवरी को मुंबई के होटल ताज लैंड्स एंड में शादी होगी। शादी में तकरीबन 900 मेहमानों को इनविटेशन दिया गया है। वहीं 13 जनवरी को मुंबई के फेमस जियो वर्ल्ड सेंटर में रिसेप्शन होगा।
रिसेप्शन का कार्ड सामने आ गया है। सोर्सेज की मानें तो आमिर के करीबी दोस्त सलमान खान और शाहरुख खान को भी न्योता दिया गया है। आमिर खान ने अब तक जितने डायरेक्टर्स के साथ काम किया है, वो सभी इस ग्रैंड वेडिंग में शिरकत करेंगे।
शादी और रिसेप्शन कहां होगा. यहां जानिए..
शादी मुंबई के फेमस ताज लैंड्स एंड में हो रही है। यह एक 5 स्टार होटल है। यह बांद्रा के बैंडस्टैंड में स्थित है। खास बात यह है कि यह वेन्यू सलमान और शाहरुख के घर के पास है। शादी का पूरा फंक्शन ताज लैंड्स एंड के सी-साइट लॉन में रखा गया है।
इसमें फिल्मी जगत के कई इवेंट्स होते रहते हैं। प्रियंका चोपड़ा का रिसेप्शन यही हुआ था। बांद्रा विधानसभा से पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी हर साल इसी होटल में इफ्तार पार्टी रखते हैं।
रिसेप्शन की बात करें तो यह फंक्शन मुंबई के फेमस जियो वर्ल्ड सेंटर में होगा। जियो वर्ल्ड सेंटर मुंबई के फेमस BKC इलाके में है। रिसेप्शन और भी ग्रैंड होने वाला है। जियो वर्ल्ड सेंटर में जिस बॉलरूम को बुक किया गया है, वहां 3000 लोग एक साथ मौजूद रह सकते हैं। यह बॉलरूम जियो वर्ल्ड सेंटर के तीसरे फ्लोर पर है। यह थर्ड फ्लोर 32,280 स्कॉयर फीट में फैला हुआ है।
हल्दी की रस्में शुरू हुईं
आइरा की शादी की रस्में आज यानी मंगलवार से शुरू हो चुकी हैं। आज हल्दी की रस्म अदा की जा रही है। आमिर खान की दोनों एक्स वाइफ रीना दत्ता और किरण राव एक साथ नजर आईं। हल्दी सेरेमनी में सभी नौवारी साड़ी (महाराष्ट्रियन साड़ी) पहने दिखाई दीं।
आइरा की शादी महाराष्ट्रियन रीति रिवाज से होगी ये पहले से तय हुआ है। हल्दी की रस्म के लिए किरण और रीना दोनों नुपुर शिखरे के घर पहुंचीं। वैसे इस रस्म में केवल महिलाएं ही नजर आईं। इस दौरान होने वाले दूल्हा नुपुर शिखरे भी अपनी मां के साथ दिखाई दिए।
रस्मों रिवाजों के बीच शादी के लिए एक्साइटेड आइरा खान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने ब्राइड टू बी लिखा है। अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड से शादी के लिए आइरा बेहद एक्साइटेड दिखाई दे रही हैं।
कौन हैं आइरा के होने वाले पति नुपुर शिखरे
17 अक्टूबर 1985 को जन्में नुपुर शिखरे पेशे से एक सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर हैं। उनका परिवार पुणे में रहता है, जहां उनकी मां एक डांस टीचर हुआ करती थीं। नुपुर पिछले कई सालों से मुंबई में ही रहे हैं। कुछ सालों पहले नुपुर, आइरा के फिटनेस ट्रेनर थे। साथ समय बिताते हुए दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था, जिसके बाद नवंबर 2022 में नुपुर ने एक ईवेंट के दौरान आइरा को शादी के लिए प्रपोज कर अंगूठी पहनाई थी। इसके बाद ही आइरा ने सोशल मीडिया के जरिए सगाई की अनाउंसमेंट की थी।











