एक्ट्रेस प्रियंका मोहन बचीं बाल-बाल, भारी भीड़ के कारण धड़धड़ाकर गिरा स्टेज तो लगी चोट, सामने आया वीडियो

एक्ट्रेस प्रियंका मोहन बचीं बाल-बाल, भारी भीड़ के कारण धड़धड़ाकर गिरा स्टेज तो लगी चोट, सामने आया वीडियो
एक्ट्रेस प्रियंका मोहन हाल ही तेलंगाना में हुए एक हादसे में बाल-बाल बच गईं। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। प्रियंका मोहन, गुरुवार, 3 अक्टूबर को तेलंगाना के तिरुर में एक शॉपिंग मॉल की ओपनिंग के लिए गई थीं। इस इवेंट में कांग्रेस नेता झांसी रेड्डी भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि अचानक ही वहां स्टेज गिर पड़ा, जिसमें झांसी रेड्डी समेत तीन लोग घायल हो गए। प्रियंका मोहन को भी हल्की-फुल्की चोटें आईं।

घटना के बाद Priyanka Mohan ने चिंतित फैंस के लिए X पर एक मैसेज लिखा, जिसमें अपना हालचाल दिया। साथ ही उनका शुक्रिया भी अदा किया। उन्होंने लिखा, 'मैं अपने फैंस को बताना चाहती हूं कि मैं ठीक हूं। मैं लकी हूं कि मामूली चोटें ही आईं और बच निकली।'

प्रियंका मोहन ने घायलों के लिए की प्रार्थना


उन्होंने आगे लिखा, 'जिन लोगों को इस घटना में चोट आई है, उनके जल्द ठीक होने की कामना करती हूं। उनके साथ मेरी शुभकामनाएं। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने मुझे प्यार और देखभाल भरे मैसेज भेजे।'

हादसे का वीडियो आया सामने, धड़धड़ा कर गिरा स्टेज


तिरुर में हुई इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि स्टेज पर कई लोग खड़े हैं। कुछ सेकेंड में ही स्टेज टूटकर नीचे आ गिरता है और वहां शोर मच जाता है। प्रियंका को हल्की चोटें आईं, और उन्हें तुरंत ही वहां से निकाल लिया गया।

जयम रवि के साथ प्रियंका मोहन की शादी की वायरल तस्वीर


प्रियंका मोहन की फिल्मों की बात करें तो वह जल्द ही जयम रवि स्टारर 'ब्रदर' में नजर आएंगी, जो 31 अक्टूबर को रिलीज होगी। उनकी जयम रवि के साथ शादी वाली एक तस्वीर भी वायरल हो रही है, जिससे फैंस को लगा कि उन्होंने शादी कर ली है। जबकि सच ये है कि वायरल तस्वीर 'ब्रदर' के शूट की है।
Advertisement